Iran US War: 'ईरान पर होगा जोरदार हमला', डील पर ढीले रवैया को लेकर भड़के डोनाल्ड ट्रंप ने दी धमकी, दुनिया की बढ़ी टेंशन
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान परमाणु हथियार रोकने वाली डील पर बातचीत में बहुत देर लगा रहा है। उन्होंने धमकी देते हुए ईरान नतीजे भुगतने की बात कही।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर फिर से हमले तेज करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि “ईरान परमाणु समझौते पर बातचीत में जानबूझकर देरी कर रहा है और अब उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।” ऐसे में अगर दोनों देशों के बीच फिर से युद्ध शुरू हुआ, तो दुनिया भर में महंगाई बढ़ सकती है।
डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को घोषणा करते हुए कहा कि अमेरिका ईरान पर फिर से हमला करेगा। कल मंगलवार को ईरान ने अमेरिका का एक हेलीकॉप्टर गिरा दिया था। इसके जवाब में अमेरिका ने ईरान के हवाई रक्षा सिस्टम और रडार पर हमले किए। ट्रंप ने कहा, “हमने कल उन्हें अच्छा जवाब दिया और आज भी हम बहुत जोरदार हमला करेंगे।”
उन्होंने ईरान पर आरोप लगाया कि वह अमेरिका को मूर्ख बनाने की कोशिश कर रहा है। ट्रंप का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच परमाणु हथियार रोकने वाला समझौता लगभग तैयार हो चुका था, लेकिन ईरान हस्ताक्षर करने से टालमटोल कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान समझौता नहीं करता तो और सख्त कार्रवाई होगी।
ईरान ने भी दिया जवाब
ईरान के शीर्ष राजनयिक ने जवाबी कार्रवाई की कसम खाई और बाद में तेहरान ने कुवैत, बहरीन और जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों पर हमलों की जिम्मेदारी ली। जॉर्डन ने पांच मिसाइलों को गिरा दिया। इन हमलों में किसी को चोट नहीं लगी। ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि अमेरिका ने हमारी जमीन पर हमला किया है। हम अपने बचाव का अधिकार रखते हैं। ईरान की सरकार ने कहा कि अब डील की बातचीत पर फिर से सोचना पड़ेगा।
Advertisement
होर्मुज की स्थिति
इस बीच होर्मुज की खाड़ी में जहाजों की आवाजाही बढ़ गई है। अमेरिका ने ईरान के बंदरगाहों पर रोक लगाई हुई है, जिससे ईरान को नुकसान हो रहा है। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने खाड़ी में जहाजों को सुरक्षित निकलने में मदद की। उन्होंने कहा, “ईरान का रडार सिस्टम काम नहीं कर रहा, इसलिए हमने 22 जहाज निकलने दिए।”
ईरान में पानी की किल्लत
ईरान में हमलों से कुछ इलाकों में पानी की सप्लाई बिगड़ गई। सरिक शहर के करीब 20,000 लोगों को पीने का पानी नहीं मिल पा रहा। वहां गर्मी करीब 45-50 डिग्री हो रही है।
Advertisement
अभी कतर के कुछ अधिकारी तेहरान गए हैं ताकि डील को अंतिम रूप दिया जा सके। लेकिन ट्रंप के हमले जारी रखने के बयान से लगता है कि बातचीत अभी रुकी हुई है। यह पूरा मामला पिछले कुछ हफ्तों से चल रहा है। दोनों देश एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। ट्रंप का संदेश साफ है कि अगर ईरान डील जल्दी नहीं मानता तो और नुकसान होगा।