Trump Tariff: ट्रंप ने इन 14 देशों पर फोड़ा टैरिफ बम, डेडलाइन बढ़ाई; भारत से ट्रेड डील पर बोले- सौदा करने के बेहद करीब
Donald Trump News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 14 देशों पर भारी-भरकम टैरिफ लगाने का ऐलान करते हुए उन्हें चिट्ठी भी भेज दी है। ये 1 अगस्त से लागू होंगे। वहीं, भारत संग होने वाली ट्रेड डील पर भी उन्होंने बयान दिया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Donald Trump Tariff News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार (8 जुलाई) को 14 देशों पर टैरिफ बम फोड़ दिया है। जापान से लेकर कोरिया तक उन्होंने कई देशों पर भारी भरकम टैक्स लगाने का ऐलान किया। उन्होंने म्यांमार और लाओस पर सबसे ज्यादा 40 प्रतिशत शुल्क, तो वहीं जापान और साउथ कोरिया पर 25 फीसदी टैरिफ लगाया है। हालांकि उन्होंने टैरिफ लागू करने की डेडलाइन भी आगे बढ़ा दी है। इन देशों पर टैरिफ 1 अगस्त से लागू होंगे, जबकि पहले यह डेडलाइन 9 जुलाई तक ही थी।
वहीं, ट्रंप ने इस दौरान भारत पर टैरिफ को लेकर कोई जिक्र नहीं किया है। जल्द ही भारत और अमेरिका के बीच मिनी ट्रेड डील होने की संभावना है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने भी कहा है कि हम भारत के साथ सौदा करने के बेहद करीब हैं।
चिट्ठी लिख ट्रंप ने 14 देशों को धमकी भी दी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ की जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल के जरिए दी। उन्होंने बताया कि वो इसको लेकर आधिकारिक पत्र इन सभी देशों के नेताओं को भेज चुके हैं। चिट्ठी में उन्होंने यह धमकी भी दी कि अगर ये देश अमेरिकी उत्पादों के आयात पर टैरिफ बढ़ाने का फैसला करते हैं तो वे टैरिफ दर को उसी राशि से बढ़ा देंगे। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति ने ये संकेत भी दिए कि अगर ये देश अपनी व्यापार नीतियों में संशोधन करते हैं तो वे इन टैरिफ को कम करने के लिए तैयार हैं। आने वाले दिनों में अमेरिका कई और देशों को टैरिफ को लेकर चिट्ठी भेजने की तैयारी में है।
वहीं, ट्रंप ने टैरिफ लागू करने की डेडलाइन बढ़ाकर 1 अगस्त कर दी है। वे पहले भी ऐसा कर चुके हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे अमेरिकी टैरिफ के लिए 1 अगस्त की समयसीमा पर अडिग हैं, तो ट्रंप ने कहा, "मैं कहूंगा कि दृढ़ हूं, लेकिन 100 प्रतिशत दृढ़ नहीं। अगर वे फोन करते हैं और कहते हैं कि हम कुछ अलग तरीके से करना चाहते हैं, तो हम इसके लिए तैयार हैं।"
Advertisement
हम भारत के साथ सौदा करने के करीब हैं- ट्रंप
वहीं भारत संग ट्रेड डील के सवाल पर भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, "हम भारत के साथ सौदा करने के करीब हैं। हमने यूनाइटेड किंगडम, हमने चीन के साथ सौदा किया है। हमने अन्य देशों से मुलाकात की है और हमें नहीं लगता कि हम सौदा कर पाएंगे, इसलिए हमने उन्हें एक पत्र भेजा है। हम विभिन्न देशों को पत्र भेज रहे हैं, जिसमें उन्हें बताया जा रहा है कि उन्हें कितना टैरिफ देना होगा। कुछ देश शायद थोड़ा सा समायोजन करेंगे, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि उनके पास कोई कारण है या नहीं, हम इसके बारे में अनुचित नहीं होने जा रहे हैं।"
किन देशों पर कितना टैक्स लगाया?
- म्यांमार- 40%
- लाओ पीपल्स डेमोक्रेटिक रिपब्लिक (लाओस)- 40%
- कंबोडिया- 36%
- थाईलैंड- 36%
- बांग्लादेश- 35%
- सर्बिया- 35%
- इंडोनेशिया- 32%
- दक्षिण अफ्रीका- 30%
- बोस्निया और हर्जेगोविना- 30%
- जापान- 25%
- कजाकिस्तान- 25%
- मलेशिया- 25%
- दक्षिण कोरिया- 25%
- ट्यूनिशिया- 25%