धमकी देते-देते अमेरिका ने कर लिया होर्मुज पर कब्जा? डोनाल्ड ट्रंप के पोस्ट से ईरान का पारा हाई, दुनिया में बढ़ेगी टेंशन
जून के समझौते के तहत अमेरिका को 30 दिनों के अंदर समुद्री नाकाबंदी खत्म करनी थी, जबकि ईरान को 60 दिनों तक होर्मुज से सुरक्षित और बिना टोल के व्यवसायिक यातायात सुनिश्चित करने का प्रयास करना था। दोनों पक्षों द्वारा शर्तों का उल्लंघन करने के आरोपों के बाद यह समझौता टूट गया। इसके बाद अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों पर नाकाबंदी फिर से लागू कर दी।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 4 min read

अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर बयान दे रहे हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने अपने सोशल मीडिया ट्रुथ पर एक पोस्ट में लिखा था कि होर्मुज पर हमने ‘स्टील की दीवार’ खड़ी कर दी है और वह पूरी तरह अमेरिका के नियंत्रण में है। जिसका ईरान ने पूरी तरह से खंडन किया था। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा था कि अमेरिका लगातार गलत आकलन कर रहा है। होर्मुज हमारे नियंत्रण में है। यहां तक कि अमेरिका के गलत आकलन के कारण ही ईरान के साथ युद्ध शुरू हुआ। अब ट्रंप ने सोशल मीडिया पर फिर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसे देखकर ईरान का पारा चढ़ना तय है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर क्या लिखा?
अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर ट्रंप ने एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें AI जनरेटेड एक इमेज है। इस फोटो में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को साफ तौर पर 'New US Territory' यानी नया अमेरिकी क्षेत्र बताया गया है। यह पोस्ट दुनिया के सबसे अहम तेल मार्ग पर उनके लगतार दावों को और तेज करता है। यकीनन इस पोस्ट के बाद ईरान के साथ अमेरिका का बढ़ता तनाव और चरम पर पहुंच जाएगा।
इमेज में ईरान और अरब प्रयद्वीप के बीच फैले नीले रंग के मानचित्र को दिखाया गया है। इसमें होर्मुज को एक फ्रेम में घेरकर बोल्ड अक्षरों में 'NEW US TERRITORY' लिखा गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा
ट्रंप ने सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए जोर देकर कहा कि अमेरिका के पास होर्मुज पर पूर्ण नियंत्रण है। उन्होने ईरान पर लगाई गई अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी की सफलता का जिक्र करते हुए बताया कि तेल की कीमतें गिर रही हैं और होर्मुज खुला है। ट्रंप ने कहा-
Advertisement
मुझे लगता है कि यह एक अच्छा विचार है। हम नाकाबंदी के जरिए इसे नियंत्रित करते हैं। मैं इसे अपने क्षेत्र घोषित करने के विचार को पसंद करता हूं। हमारे पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर पूर्ण नियंत्रण है। नाकाबंदी बहुत प्रभावी रही है। हम हर हफ्ते लाखों बैरल तेल निकाल रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि ईरान गंभीर संकट में है। देश में 300 प्रतिशत महंगाई है, हालात बिगड़े हुए हैं और उसकी सेना पूरी तरह पराजित हो चुकी है। ट्रंप ने चेतावनी भी दी कि जरूरत पड़ने पर अमेरिका और कहीं ज्यादा कठोर कदम उठा सकता है।
ईरान ने ट्रंप को दिया मुंहतोड़ जवाब
ट्रंप के बयान का ईरान ने खंडन किया था। ईरान ने कहा था कि शर्तें पूरी होने तक होर्मुज बंद रहेगा। ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद गालिबाफ ने ट्रंप के बयानों का सीधा खंडने करते हुए साफ कहा कि जब तक जून में हुए 14 सूत्रीय समझौता ज्ञापन (MoU) की शर्तें पूरी नहीं हो जातीं, होर्मुज समुद्री यातायात के लिए बंद रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक अमेरिका का कमिटमेंट यानी नाकाबंदी हटाना, जब्त संपत्तियां जारी करना, तेल प्रतिबंध हटाना, धमकियां और सैन्य अभियान खत्म करना आदि शामिल हैं, लागू नहीं होता, होर्मुज नहीं खोला जाएगा।
Advertisement
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान दुश्मन के किसी भी कार्रवाई का उसी की भाषा में जवाब देने के लिए तैयार है। गालिबाफ के मुताबिक दुश्मन ने युद्ध विराम समझौता मजबूरी में स्वीकार किया था लेकिन जल्द ही कमिटमेंट से मुकर गया। इसलिए अब सैन्य और कूटनीतिक दोनों मोर्चों पर जवाब देने का समय आ गया है।
जून समझौते टूटने के बाद ताजा हमला
जून के समझौते के तहत अमेरिका को 30 दिनों के अंदर समुद्री नाकाबंदी समाप्त करनी थी, जबकि ईरान को 60 दिनों तक होर्मुज से सुरक्षित और बिना टोल के व्यवसायिक यातायात सुनिश्चित करने का प्रयास करना था। दोनों पक्षों द्वारा शर्तों का उल्लंघन करने के आरोपों के बाद यह समझौता टूट गया। इसके बाद अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों पर नाकाबंदी फिर से लागू कर दी और स्थायी छूटें रद्द कर दी।
ईरान अब होर्मुज में पूरी तरह संचालन के लिए अमेरिकी नाकाबंदी हटाने, क्षेत्र से अमेरिकी सैन्य संपत्तियों को हटाने और हुए नुकसान की भरपाई से जोड़ रहा है। ऐसे में ट्रंप के AI इमेज वाले पोस्ट और दोनों देशों के कठोर बयानबाजी से तनाव फिर से चरम पर पहुंच गया है। अमेरिका और ईरान दोनों एक दूसरे पर समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगा रहे हैं। जिससे मिडिल ईस्ट में हालात लगातार अस्थिर बने हुए हैं।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज क्यों है दुनिया के लिए अहम?
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे संवेदनशील भू-राजनीतिक मार्गों में से एक है। यहां तनाव बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और व्यापक संघर्ष की आशंका पैदा हो जाती है। फिलहाल व्यवसायिक जहाज सख्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ गुजर रहे हैं लेकिन माहौल अब भी तनावपूर्ण बना हुआ है और नौसेना गश्त काफी तेज है।