अपडेटेड 28 July 2025 at 12:03 IST

'पहले भारत-पाकिस्तान विवाद सुलझा चुका हूं', थाईलैंड-कंबोडिया सीजफायर को आसान बताते हुए ट्रंप बोले- दोनों देशों में संघर्ष सुलझाना...

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि थाईलैंड और कंबोडिया के बीच संघर्ष सुलझाना उनके लिए आसान काम है।

Donald Trump
Donald Trump | Image: YouTube Screengrab

Thailand-Cambodia Clash: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच संघर्ष को चार दिन हो चुके हैं जिसमें अब तक 33 लोगों के मारे जाने की खबर है। वहीं 2 लाख से ज्यादा लोग विस्थापित हुए हैं। इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर कहा कि वो दोनों देशों के बीच शांति समझौते को लेकर आशावादी हैं।

गौरतलब है कि बीते दिनों डोनाल्ड ट्रंप ने चेताते हुए कहा था कि अगर थाईलैंड और कंबोडिया युद्ध नहीं रोकते हैं तो अमेरिका दोनों ही देशों के साथ व्यापार समझौता नहीं करेगा। इसके बावजूद बीते दिनों दोनों देशों के बीच सीमा विवाद के चलते भारी गोलीबारी हुई।

ट्रंप ने भारत-पाक का किया जिक्र

अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि थाईलैंड और कंबोडिया के बीच संघर्ष सुलझाना उनके लिए आसान काम है। ऐसा इसलिए क्योंकि वह इससे पहले भारत और पाकिस्तान के बीच का विवाद भी सुलझा चुके हैं।

'थाईलैंड-कंबोडिया सीजफायर आसान…'

डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से मुलाकात के दौरान कहा, 'हम थाईलैंड और कंबोडिया के साथ काफी व्यापार करते हैं। फिर भी मैं पढ़ रहा हूं कि वे एक-दूसरे को मार रहे हैं। वह लड़ रहे हैं, युद्ध में हैं। मैं कहता हूं कि यह मेरे लिए आसान होना चाहिए, क्योंकि मैंने भारत और पाकिस्तान के बीच समझौता करा लिया है।'

Advertisement

'अगर मैं समाधान के लिए व्यापार का…'

उन्होंने आगे कहा, 'मैंने दोनों (थाईलैंड और कंबोडिया) देशों के प्रधानमंत्रियों को फोन किया और कहा कि जब तक आप युद्ध का समाधान नहीं कर लेते, हम व्यापार समझौता नहीं करेंगे। मुझे लगता है कि वे अब समझौता करना चाहते हैं। भारत और पाकिस्तान वास्तव में इसके लिए तैयार हो रहे थे। इसलिए इन मामलों का समाधान हो रहा है। अगर मैं समाधान के लिए व्यापार का उपयोग कर सकता हूं, तो यह मेरे लिए सम्मान की बात है।'

थाईलैंड-कंबोडिया के बीच आज शांति वार्ता

बता दें कि मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आज, 28 जुलाई को थाईलैंड और कंबोडिया के नेताओं में शांति वार्ता होनी है। इस बैठक में थाईलैंड की ओर से कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथम वेचायाचाई और कंबोडिया की ओर से प्रधानमंत्री हुन मानेट शामिल होंगे। दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन ASEAN की अध्यक्षता कर रहा मलेशिया इस बैठक की अध्यक्षता करेगा।

Advertisement

दोनों देशों के बीच क्यों चल रहा संघर्ष?

एक हजार साल पुराने दो शिव मंदिरों को लेकर शुरू हुआ संघर्ष थाईलैंड और कंबोडिया के बीच अब भी जारी है। इस में अब तक 33 लोग मारे जा चुके हैं। कंबोडियाई रक्षा मंत्रालय के अनुसार, वहां 13 लोगों की मौत हुई है जिसमें 8 नागरिक और 5 सैनिक शामिल हैं। इसके अलावा लड़ाई में 71 लोग जख्मी हुए हैं। वहीं, थाईलैंड में 20 लोगों की मौत हो चुकी है जिसमें 14 नागरिक और 6 सैनिक शामिल है।

यह भी पढ़ें: व्हाइट हाउस के आसपास इमरजेंसी जैसे हालात, सड़कें बंद और आवागमन पर रोक
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 28 July 2025 at 07:30 IST