अपडेटेड 14 January 2026 at 07:52 IST

'सरकारी संस्थाओं पर कब्जा करो, मदद आ रही है', ईरान के प्रदर्शनकारियों से बोले ट्रंप, रजा पहलवी ने भी कहा- संघर्ष जारी रखो

Iran Protest: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक पोस्ट ने सनसनी मचा दी है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को विरोध जारी रखने को कहा। ट्रंप ये भी बोले कि मदद आ रही है। उनके बयान से सवाल उठ रहा है कि क्या अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान पर हमला करने की तैयारी कर ली है।

Iran Protest
Iran Protest | Image: AP, Republic

Iran Protest: ईरान में 15 दिनों से ज्यादा समय से विरोध प्रदर्शन जारी हैं। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने एक पोस्ट से दुनियाभर में हलचल मचा दी है। उन्होंने ईरान के प्रदर्शनकारियों को अपना प्रदर्शन जारी रखने को कहा। ट्रंप ने कहा कि मदद आ रही है। इतना ही नहीं ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों से ये भी कहा कि वो अपने संस्थानों पर कब्जा करें। उनके पोस्ट से सवाल उठने लगे हैं कि क्या अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान पर हमला करने की तैयारी कर ली है?

उन्हें इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी- ट्रंप

राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान में जारी प्रदर्शन के बीच ट्रूथ पर एक पोस्ट किया। इसके जरिए उन्होंने प्रदर्शनकारियों को संदेश दिया। ट्रंप ने लिखा, "ईरानी देशभक्तों, विरोध जारी रखो... अपने संस्थानों पर कब्जा करो। हत्यारों और दुर्व्यवसर करने वालों के नाम याद रखो। उन्हें इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। जब तक प्रदर्शनकारियों की बेमतलब हत्या बंद नहीं हो जाती, मैंने ईरानी अधिकारियों के साथ सभी मीटिंग रद्द कर दी हैं। मदद आ रही है। MIGA।"

रजा पहलवी का वीडियो संदेश

ट्रंप के बयान से इतर ईरान के निर्वासित क्राउन प्रिंस रजा पहलवी ने भी वीडियो संदेश जारी कर प्रदर्शनकारियों से संघर्ष जारी रखने को कहा है। उन्होंने कहा कि मेरे देशवासियो, जैसा कि मैंने आपको अपने पिछले संदेश में बताया था, दुनिया ने न सिर्फ आपकी हिम्मत और आवाज देखी और सुनी, बल्कि कार्रवाई भी कर रही है।

उन्होंने भी कहा कि अब तक आपने यकीनन यूनाइटेड स्टेट्स के राष्ट्रपति का संदेश सुन लिया होगा। मदद आ रही है। संघर्ष जारी रखें। इस सरकार को हालात को सामान्य दिखाने न दें। इतनी सारी हत्याओं के बाद, हमारे और इस सरकार के बीच खून का दरिया बह रहा है। इन अपराधियों के नाम लिख लें। एक दिन, उन्हें अपने कामों के लिए इंसाफ का सामना करना पड़ेगा।

Advertisement

रजा पहलवी ने ईरानी सेना को खास संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आप ईरान की राष्ट्रीय सेना हैं, इस्लामिक रिपब्लिक की सेना नहीं। अपने देशवासियों की जान बचाना आपका फर्ज है। आपके पास ज्यादा समय नहीं बचा है। जितनी जल्दी हो सके लोगों के साथ जुड़ें।

यह भी पढ़ें: 5 दशक से अमेरिका में निर्वासित जीवन जी रहे क्राउन प्रिंस संभालेंगे ईरान की सत्ता? खामेनेई की कुर्सी गई तो क्या होगा

Advertisement

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 14 January 2026 at 07:52 IST