अपडेटेड 18 October 2025 at 07:21 IST

'कोई युद्ध रोकता हूं तो...', नोबेल पीस प्राइज नहीं मिलने पर डोनाल्ड ट्रंप ने निकाली खीझ, बोले- अब परवाह नहीं

नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलने पर एक बार फिर डोनाल्ड ट्रंप की हताशा सामने आई है। उन्होंने कहा है कि जब वह युद्ध सुलझाते हैं तो कहा जाता है कि अगला सुलझाओगे तब मिलेगा। लेकिन अब उन्हें इसकी परवाह नहीं है।

Donald Trump
Donald Trump | Image: AP

Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलने पर एक बार फिर दर्द झलका है। उन्होंने कहा कि वह लगातार युद्ध सुलझा रहे हैं। इसके बावजूद नोबेल किसी और को दे दिया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि जब वह युद्ध सुलझाते हैं तो कहा जाता है कि अगला सुलझाओगे तब मिलेगा। लेकिन अब उन्हें इसकी परवाह नहीं है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ द्विपक्षीय लंच में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने अपनी खीझ जाहिर की। उन्होंने कहा, 'मैंने आठ युद्ध सुलझाए हैं। रवांडा और कांगो जाइए, भारत और पाकिस्तान के बारे में बात कीजिए।  थाइलैंड जाइए... उन सभी युद्धों को देखिए जिन्हें हमने सुलझाया है।'

'जब भी मैं कोई युद्ध सुलझाता हूं तो…'

उन्होंने आगे अपनी आवाज बदलकर कहा, ‘जब भी मैं कोई युद्ध सुलझाता हूं तो वह कहते हैं कि अगर तुम अगला सुलझा दोगे तो तुम्हें नोबेल पुरस्कार मिलेगा। लेकिन मुझे नहीं मिला। किसी और को मिला है जो कि एक बहुत अच्छी महिला है। मुझे नहीं मालूम कि वह कौन है लेकिन वह बहुत उदार थी। खैर, मुझे इन सभी बातों की परवाह नहीं है। मुझे सिर्फ जान बचाने की परवाह है। लेकिन यह नौवां होगा।’

मैंने करोड़ों लोगों की जान बचाई- ट्रंप

ट्रंप ने दावा किया कि 'हमारे पास ऐसा कोई राष्ट्रपति नहीं रहा जिसने एक भी युद्ध सुलझाया हो। बुश ने एक युद्ध शुरू किया था... लेकिन मैंने करोड़ों जानें बचाई है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा है कि मैंने लाखों लोगों की जान बचाई। पाकिस्तान और भारत को ही उदाहरण के तौर पर देखिए। वह एक बुरा मामला होता... हालांकि मैं समझता हूं कि पाकिस्तान ने हमला किया है या अफ़गानिस्तान पर हमला हो रहा है। अगर मुझे इसे सुलझाना है, तो यह मेरे लिए आसान है। इस बीच, मुझे अमेरिका चलाना है, लेकिन युद्धों को भी सुलझाना है। जानते हो क्यों? मुझे लोगों को मारे जाने से रोकना पसंद है और मैंने लाखों-करोड़ों लोगों की जान बचाई है।'

Advertisement

मारिया कोरिना मचाड़ो को मिला नोबेल पीस प्राइज

बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप नोबेल शांति पुरस्कार मिलने को लेकर अपना पूरा दमखम लगा चुके हैं। लेकिन नोबेल शांति पुरस्कार 2025 इस बार वेनेजुएला की लोकतंत्र समर्थक नेता मारिया कोरिना मचाड़ो को दिया गया है।

यह भी पढ़ें: 'भारत अब रूस से नहीं खरीदेगा तेल...',जेलेंस्‍की से मिलकर फिर बहके ट्रंप

Advertisement

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 18 October 2025 at 07:21 IST