अपडेटेड 17 June 2025 at 17:09 IST

Israel-Iran War: तेहरान में भीषण बमबारी के बीच डोनाल्ड ट्रंप G-7 समिट छोड़कर क्यों चले गए? कहा- सीजफायर नहीं उससे भी कुछ बड़ा...

Donald Trump: इजरायल और ईरान में जारी संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जी-7 समिट बीच में छोड़कर वापस चले गए। उन्होंने इसके पीछे की वजह का खुलासा किया। साथ ही फ्रांसीसी राष्ट्रपति के बयान पर भी ट्रंप भड़क गए।

israel iran war
israel iran war | Image: AP

Donald Trump news: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड जी-7 समिट में शामिल होने कनाडा पहुंचे थे, लेकिन वो सम्मेलन को बीच में ही छोड़कर वापस वॉशिंगटन लौट गए। इजरायल-ईरान के बीच जारी संघर्ष के बीच ट्रंप ने जी-7 समिट छोड़ने के पीछे की वजह का खुलासा कर दिया है। उन्होंने बताया कि वह सीजफायर के लिए नहीं बल्कि उससे भी कुछ बड़ा करने वाले हैं। इस दौरान उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पर बुरी तरह भड़क गए उन्हें 'पब्लिसिटी का भूखा' तक बता दिया।

दरअसल, जब डोनाल्ड ट्रंप बीच में ही जी-7 समिट छोड़कर अमेरिका वापस चले गए, तो इस पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि वे इजरायल और ईरान के बीच सीजफायर पर काम करने के लिए गए हैं।

जी-7 समिट बीच में छोड़ने पर क्या बोले ट्रंप?

मैक्रों के इसी बयान पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पारा चढ़ गया है और उन्होंने फ्रांसीसी राष्ट्रपति को लताड़ लगा दी। साथ ही जी-7 समिट छोड़ने की वजह भी बताई।

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर पोस्ट कर लिखा, "पब्लिसिटी के भूखे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गलती से कहा कि मैं कनाडा में जी-7 शिखर सम्मेलन छोड़कर वापस वॉशिंगटन जा रहा हूं ताकि इजरायल और ईरान के बीच सीजफायर पर काम कर सकूं। गलत! उन्हें नहीं पता कि मैं वाशिंगटन क्यों जा रहा हूं, लेकिन इसका निश्चित रूप से इसका सीजफायर से कोई लेना-देना नहीं है। बात इससे कहीं ज्यादा बड़ी है। चाहे जानबूझकर हो या अनजाने में, इमैनुएल हमेशा गलत ही बोलते हैं।"

Advertisement

इजरायल-ईरान में जारी संघर्ष

इजरायल और ईरान के बीच बीते 5 दिनों से जारी संघर्ष खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों देश एक दूसरे पर लगातार हमले कर रहे हैं। हताहतों की संख्या बढ़ रही है। इन हमलों में ईरान में कम से कम 224 लोगों और इजरायल में 24 लोगों की मौत की खबर है।

ट्रंप की ईरान को चेतावनी

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा कि तेहरान को तुरंत खाली करो, इससे पहले कि बहुत देर हो जाए। ट्रंप ने तेहरान के निवासियों को भागने की भी चेतावनी दे दी। उन्होंने यह भी कहा किईरान को उस सौदे पर हस्ताक्षर करना चाहिए था, जिस पर मैंने उन्हें करने के लिए कहा था। यह कितनी शर्म की बात है और मानव जीवन की बर्बादी है। सीधे शब्दों में कहें तो, ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकता। मैंने इसे बार-बार कहा है।

Advertisement

यह भी पढ़ें: Israel-Iran Conflict: 'तुरंत तेहरान छोड़ दें...' भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी, 24x7 कंट्रोल रूम बनाया; हेल्पलाइन नंबर भी जारी

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 17 June 2025 at 16:54 IST