Trump Tariff News : ट्रंप ने भारत को दिया पहला बड़ा झटका, लगाया 26% टैरिफ, कहा- हम 'आधा' ही वसूल रहे
Donald Trump News : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान कर दिया है कि किस देश से कितना टैरिफ वसूलेंगे। भारत से 26% टैरिफ वसूला जाएगा।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Donald Trump Tariffs Announcement : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नए टैरिफ चार्जेस का ऐलान कर दिया है। ट्रम्प ने गुरुवार को भारत से अमेरिका आने वाले सामान पर 26 प्रतिशत रेसिप्रोकल टैरिफ लगाने की घोषणा की है। उनके भाषण के साथ ही ये टैरिफ लागू हो गए हैं। अपने पहले ही ऐलान में ट्रंप ने ऑटो सेक्टर पर 25 फीसदी टैरिफ लागू करने की घोषणा की है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इसी 'आर्थिक स्वतंत्रता की घोषणा का दिन' बताया है।
'मेक अमेरिका वेल्थी अगेन इवेंट' को संबोधित करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय संघ (EU) और एशियाई देशों पर आरोप लगाया कि अमेरिकी कारों पर भारी टैरिफ लगाया जाता है। उन्होंने कहा- “संयुक्त राज्य अमेरिका अन्य देशों से मोटरसाइकिलों पर केवल 2.4% टैरिफ वसूलता है। जबकि थाईलैंड और अन्य देश बहुत अधिक कीमत वसूल रहे हैं, जैसे- भारत 70%, वियतनाम 75% और अन्य उससे भी अधिक टैरिफ वसूल रहे हैं। मैं इसके लिए दूसरे देशों को बिल्कुल भी दोषी नहीं मानता हूं। मैं उन पूर्व राष्ट्रपतियों और पिछले नेताओं को दोषी मानता हूं जो अपना काम नहीं कर रहे थे। आज आधी रात से हम सभी विदेशी निर्मित ऑटोमोबाइल पर 25% टैरिफ लगाएंगे।”
किस देश पर कितना टैरिफ
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत पर 26%, चीन पर 34%, यूरोपीय संघ पर 20% और जापान पर 24% "रेसिप्रोकल टैरिफ" लगाया गया है।
- चीन - 34%
- यूरोपीय संघ - 20%
- जापान - 24%
- दक्षिण कोरिया - 25%
- स्विट्जरलैंड - 31%
- यूनाइटेड किंगडम - 10%
- ताइवान - 32%
- मलेशिया - 24%
- भारत - 26%
'भारत बहुत, बहुत सख्त है'
डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को लेकर कहा कि “भारत बहुत, बहुत सख्त है। भारत के प्रधानमंत्री अभी-अभी अमेरिका का दौरा करके गए हैं और मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं, लेकिन हमारे साथ सही व्यवहार नहीं कर रहे हैं। वे हमसे 52 प्रतिशत शुल्क लेते हैं और हम इसके मुकाबले उनसे कुछ भी नहीं लेते हैं।”
Advertisement
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर कोई देश चाहता है कि अमेरिका अपने टैरिफ कम करे, तो उसे पहले अपने टैरिफ कम करने होंगे। अगर वे शिकायत करेंगे और चाहेंगे कि टैरिफ जीरो हो जाए, तो इसके लिए उन्हें अपने उत्पाद अमेरिका में ही बनाना चाहिए। अमेरिका में कारखाना और उत्पाद बनाने पर कोई टैरिफ नहीं लगेगा। जो अमेरिका की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं, ये टैरिफ उनसे हमारे देश की सुरक्षा करेंगे।