'अब और हत्या नहीं, मुझे उम्मीद है हिजबुल्लाह...', इजरायल-लेबनान सीजफायर पर बोले ट्रंप, क्या 10 दिन बाद भी रहेगा युद्धविराम?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर की घोषणा के बाद हिजबुल्लाह से शांति बनाए रखने और जिम्मेदार व्यवहार करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि अब और कोई हत्या नहीं चाहिए।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

इजरायल और लेबनान के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिका की मध्यस्थता से 10 दिन का सीजफायर लागू हो गया है। यह सीजफायर मंगलवार को शाम 5 बजे ET से लागू होगा। दोनों पक्षों के बीच हुए इस अस्थायी युद्धविराम को क्षेत्रीय स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने हिजबुल्लाह से शांति बनाए रखने को कहा है। ट्रंप ने यह कहा कि अगर वो ऐसा करता है तो उसके लिए भी अच्छा होगा क्योंकि अब और हत्या मुझे नहीं चाहिए।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर की घोषणा के बाद हिजबुल्लाह से शांति बनाए रखने और जिम्मेदार व्यवहार करने की अपील की है। ट्रंप ने कहा, 'मैं उम्मीद करता हूं कि हिजबुल्लाह अच्छा और जिम्मेदार रवैया अपनाएगा तथा इस मौके को शांति स्थापना के लिए इस्तेमाल करेगा। अगर इस दौरान हिंसा पूरी तरह रुक जाती है तो यह क्षेत्र में स्थायी शांति की दिशा में एक बड़ा अवसर साबित हो सकता है।'
अब और कोई हत्या नहीं-ट्रंप
ट्रंप ने अपने ट्रूथ सोशल पोस्ट में लिखा है,, "मुझे उम्मीद है कि हिजबुल्लाह इस जरूरी समय में अच्छा और ठीक से काम करेगा। अगर वे ऐसा करते हैं तो यह उनके लिए एक बहुत अच्छा पल होगा। अब और कोई हत्या नहीं। आखिरकार शांति आनी चाहिए! इस मामले पर ध्यान देने के लिए आपका धन्यवाद।
बड़ा सवाल कब तक रहेगा सीजफायर
सूत्रों के अनुसार, हिजबुल्लाह इस समझौते का औपचारिक पक्षकार नहीं है, जिसके चलते युद्धविराम की स्थिरता पर सवाल उठ रहे हैं। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने स्पष्ट किया है कि इजरायली सेना दक्षिणी लेबनान के सुरक्षा क्षेत्र में तैनात रहेगी और इजरायल अपनी सुरक्षा जरूरतों के अनुसार हर कदम उठाएगा।
Advertisement
ट्रंप ने 9 युद्धों को रुकवाने का लिया क्रेडिट
बता दें कि यह सीजफायर अमेरिका की सक्रिय मध्यस्थता के बाद लागू हुआ है। दोनों देशों के बीच पिछले कई हफ्तों से बढ़ते तनाव और सीमा पर हुई झड़पों के बाद यह पहला अहम युद्धविराम है। ट्रंप ने इसका क्रेडिट भी ले लिया। सीजफायर का ऐलान करते हुए उन्होंने अपने ट्रूथ पोस्ट में लिखा था, दुनिया भर में 9 युद्धों को सुलझाना मेरे लिए एक सम्मान की बात रही है, और यह मेरा 10वां प्रयास होगा; तो चलिए, इसे पूरा करके दिखाते हैं!