Donald Trump: 'ईरान के सभी बड़े नेता मारे गए, 4 हफ्तों में अमेरिकी सेना ने हासिल की बड़ी जीत', डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की नौसेना खत्म हो चुकी है, उनकी वायुसेना तबाह हो चुकी है और उनके नेता जिनमें से ज्यादातर और जिस आतंकवादी शासन का वे नेतृत्व करते थे, वे अब मारे जा चुके हैं।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Donald Trump: ईरान जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज, 4 मार्च को राष्ट्र के नाम अपना संबोधन दिया। इस दौरान उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि ईरान के सभी बड़े नेता मारे जा चुके हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि ईरान की नौसेना और वायुसेना लगभग खत्म हो चुकी है। मिसाइल और ड्रोन की क्षमता कमजोर कर दी गई है।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने संबोधन में कहा कि अभी सिर्फ एक महीना ही हुआ है, जब से अमेरिकी सेना ने 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' शुरू किया है। इस ऑपरेशन का लक्ष्य दुनिया का नंबर एक आतंकवाद-प्रायोजक देश ईरान था। उन्होंने कहा कि पिछले 4 हफ्तों में हमारी सेनाओं ने युद्ध के मैदान में तेज, निर्णायक और जबरदस्त जीत हासिल की है। ऐसी जीत जो बहुत कम लोगों ने पहले कभी देखी होगी।
ईरान के सभी बड़े नेता मारे जा चुके हैं- ट्रंप
व्हाइट हाउस में बोलते हुए उन्होंने आगे बड़ा दावा किया कि आज रात ईरान की नौसेना खत्म हो चुकी है। उनकी वायुसेना तबाह हो चुकी है और उनके नेता जिनमें से ज्यादातर और जिस आतंकवादी शासन का वे नेतृत्व करते थे, वे अब मारे जा चुके हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने किए ये बड़े दावे
ट्रंप ने यह भी कहा कि जब हम बात कर रहे हैं, ठीक उसी समय, 'इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स' (IRGC) पर उनका कमांड और नियंत्रण पूरी तरह से खत्म किया जा रहा है। मिसाइल और ड्रोन लॉन्च करने की उनकी क्षमता में भारी कमी आई है और उनकी हथियारों की फैक्ट्री और रॉकेट लॉन्चर टुकड़े-टुकड़े किए जा रहे हैं; अब उनमें से बहुत ही कम बचे हैं।
Advertisement
'युद्ध के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ कि….'
अपने मुंह मियां मिट्ठू बनते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्होंने वो कर दिखाया है जो पहले कभी नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, ‘युद्ध के इतिहास में पहले कभी किसी दुश्मन को महज कुछ ही हफ्तों के भीतर, इतने स्पष्ट और विनाशकारी बड़े पैमाने पर नुकसान नहीं उठाना पड़ा है।’
दुश्मन लगातार अमेरिका से हार रहे- ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि हमारे दुश्मन अमेरिका में हार रहे हैं, जैसा कि मेरे राष्ट्रपति रहने के 5 साल से हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अब वह पहले से कहीं ज्यादा बड़ी जीत हासिल कर रहे हैं।
Advertisement
स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज पर क्या बोले ट्रंप?
इसके अलावा ट्रंप ने अपने भाषण में स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज खुलने पर कोई बड़ी घोषणा नहीं की। मगर, उन्होंने यहां फंसे देशों को सलाह जरूर दे दी। उन्होंने साफतौर पर कहा कि युद्ध खत्म होने की राह न ताके, होर्मुज खुद ब खुद खुल ही जाएगा। साथ ही कहा कि अगर तेल खरीदना ही है तो अमेरिेका से खरीदा जा सकता है। अमेरिका के पास तेल-गैस भरपूर है, ऐसे में उनसे खरीदा जाए या फिर खुद ही होर्मुज से अपने जहाज निकालने का प्रयास करें।