अपडेटेड 2 January 2026 at 15:11 IST

कैलिफोर्निया ने बनाया दुनिया का पहला 'थर्डहैंड स्मोक' कानून, जानिए क्या है ये और क्यों है जरूरी?

कैलिफोर्निया ने दुनिया का पहला 'थर्डहैंड स्मोक' कानून बनाया है। थर्डहैंड स्मोक वो जहरीले अवशेष हैं जो सिगरेट बुझने के बाद दीवारों, फर्नीचर और कपड़ों पर चिपक जाते हैं। ये कैंसर और अन्य बीमारियां पैदा कर सकते हैं, खासकर बच्चों को नुकसान पहुंचाते हैं।

California enacted world first thirdhand smoke law What is thirdhand smoke
'थर्डहैंड स्मोक' पर बना कानून | Image: Canva

धूम्रपान की आदत न सिर्फ धूम्रपान करने वाले को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि उसके आसपास के लोगों को भी प्रभावित करती है। हम सब जानते हैं फर्स्टहैंड स्मोक (खुद धूम्रपान करना) और सेकंडहैंड स्मोक (दूसरों के धुएं में सांस लेना) खतरनाक है। लेकिन अब एक नई चीज सामने आई है, ये है थर्डहैंड स्मोक। ये वो जहरीले अवशेष हैं जो सिगरेट बुझने के बाद भी दीवारों, फर्नीचर, कार्पेट, कपड़ों और अन्य सतहों पर चिपके रहते हैं।

संयुक्त राज्य अमेरिका के राज्य कैलिफोर्निया ने 'थर्डहैंड स्मोक' पर कानून बनाया है। कैलिफोर्निया के अलावा अभी कहीं पर थर्डहैंड स्मोक को लेकर कोई कानून नहीं है। अब आपके मन में सवाल आया होगा कि आखिर से थर्डहैंड स्मोक क्या है? तो चलिए, हम आपको बताते हैं।

क्या है थर्डहैंड स्मोक?

दरअसल, जब कोई व्यक्ति कमरे में सिगरेट पीता है और बुझा देता है, तो धुआं हवा में फैलकर गायब हो जाता है। लेकिन उस धुएं में मौजूद छोटे-छोटे जहरीले कण और रसायन सतहों पर जम जाते हैं। ये कण महीनों या सालों तक रह सकते हैं। ये हवा में मौजूद अन्य प्रदूषकों से मिलकर और भी खतरनाक कैंसर पैदा करने वाले यौगिक बनाते हैं। सामान्य सफाई से ये आसानी से नहीं हटते।

इसकी वजह से छोटे बच्चे ज्यादा खतरे में होते हैं क्योंकि वे फर्श पर खेलते हैं, चीजें मुंह में डालते हैं और इन जहरीले कणों को त्वचा से सोख लेते हैं या सांस से अंदर ले लेते हैं। अध्ययनों से पता चला है कि थर्डहैंड स्मोक का मिश्रण समय के साथ और ज्यादा जहरीला हो जाता है।

Advertisement

कैलिफोर्निया का नया कानून क्या है?

अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य ने दुनिया का पहला ऐसा कानून बनाया है, जो थर्डहैंड स्मोक से जुड़ा है। ये कानून असेम्बली बिल 455 (AB 455) है, जिसे अक्टूबर 2025 में गवर्नर ने हस्ताक्षर करके कानून बना दिया। इस कानून के तहत कई नियम लागू होते हैं। ये कानून थर्डहैंड स्मोक को अन्य पर्यावरणीय खतरे की तरह मानता है। इसका मकसद खरीदारों को छिपे खतरे के बारे में जानकारी देना है, ताकि वे सही और सुरक्षित फैसला ले सकें।

  • घर बेचते समय विक्रेता को लिखित में बताना होगा कि उस घर में पहले कभी धूम्रपान, वेपिंग हुआ है या नहीं, थर्डहैंड स्मोक का प्रदूषण है या नहीं।
  • ये नियम सिंगल-फैमिली घरों की बिक्री पर लागू होता है।
  • कैलिफोर्निया का पर्यावरण विभाग अपनी गाइड में थर्डहैंड स्मोक के बारे में नई जानकारी जोड़ेगा।

ये कानून थर्डहैंड स्मोक को अन्य पर्यावरणीय खतरे जैसे एस्बेस्टॉस या लेड पेंट की तरह मानता है। इसका मकसद खरीदारों को छिपे खतरे के बारे में सूचित करना है, ताकि वे सुरक्षित फैसला ले सकें।

Advertisement

क्यों है ये कानून जरूरी?

थर्डहैंड स्मोक में 250 से ज्यादा रसायन होते हैं, जिनमें से कई कैंसर, जन्म दोष या प्रजनन समस्याएं पैदा करने वाले हैं। ये खतरा खासकर बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्यून सिस्टम वाले लोगों के लिए बड़ा है। कई बार लोग नया घर या किराए का घर लेते हैं, लेकिन पता नहीं चलता कि पहले वहां धूम्रपान होता था। इस कानून से लोग जागरूक होंगे और धूम्रपान मुक्त जगह चुन सकेंगे।

ये भी पढ़ें: 'कश्मीर से जिहाद खत्म हो जाएगा? मैंने कहा पाकिस्तान में हर मां बच्चे को जिहाद लोरियां...', मसूद अजहर ने सुनाई IC 184 हाईजैक की कहानी, AUDIO VIRAL

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 2 January 2026 at 15:11 IST