अपडेटेड 3 August 2025 at 07:28 IST
पाकिस्तान के साथ ट्रंप के तेल डील वाले बयान पर भड़के बलूच नेता, कहा- वो हिस्सा हमारा है, मुनीर पर गुमराह करने का लगाया आरोप
पाकिस्तान के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के तेल डील वाले बयान पर बलूचिस्तान के नेता मीर यार बलूच भड़क उठे। उन्होंने पाकिस्तानी आर्मी चीफ पर अमेरिका को गुमराह करने का आरोप लगाया इसके साथ ही ये भी कहा कि तेल भंडाल वाला हिस्सा पाकिस्तान का नहीं बलूचिस्तान का है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्यापार समझौते के लिए भारत पर दबाव बनाने की अनगिनत कोशिशों में लगे हुए हैं। हाल ही में उन्होंने भारत पर 25 फीसदी और पाकिस्तान पर 19 फीसदी टैरिफ लगाने का ऐलान किया था। इसके बाद वह यह कहते हुए भी नजर आए कि आने वाले समय में अमेरिका पाकिस्तान के तेल कंपनियों के साथ मिलकर काम करेगा और हो सकता है भविष्य में भारत पाक से तेल खरीदे। इसपर बलूचिस्तान की प्रतिक्रिया सामने आई है।
अमेरिका की ट्रंप सरकार रूस और ईरान से तेल खरीदने की वजह से भारत को आड़े हाथों लेने की कोशिश करती नजर आ रही है, लेकिन उन्हें सफलता हाथ नहीं लगी। भारत ने बिना किसी झिझक के अमेरिका और पूरी दुनिया के सामने अपना पक्ष साफ कर दिया है। इस बीच बलूचिस्तान ने भी कह दिया है कि तेल को लेकर पाकिस्तान अमेरिका को गुमराह कर रहा है।
तेल भंडार को लेकर पाक और बलूच में ठनी
बलूच लोगों के प्रतिनिधि मीर यार बलूच ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पाकिस्तान के तेल भंडारों पर हालिया टिप्पणी की कड़ी आलोचना की। बलूच नेता ने इस बात पर सबका ध्यान खींचा कि इस क्षेत्र में मौजूद विशाल तेल और खनिज भंडार पूरी तरह से बलूचिस्तान के हैं और इसे पाकिस्तान का नहीं, बल्कि बलूचिस्तान गणराज्य बताया।
मीर आसीम ने अमेरिका को किया गुमराह
मीर यार बलूच के अनुसार, ट्रंप प्रशासन को पाकिस्तान के सैन्य नेतृत्व, खासकर सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने बुरी तरह गुमराह किया। उन्होंने एक पोस्ट में कहा, "क्षेत्र में मौजूद विशाल तेल और खनिज भंडारों के बारे में आपकी मान्यता बिल्कुल सही है। हालांकि, पूरे सम्मान के साथ, आपके प्रशासन को यह सूचित करना ज़रूरी है कि पाकिस्तानी सैन्य नेतृत्व, खासकर जनरल असीम मुनीर, और उनके राजनयिक माध्यमों ने इन महत्वपूर्ण संसाधनों के वास्तविक भूगोल और स्वामित्व के बारे में आपको बुरी तरह गुमराह किया।"
Advertisement
PAK ने की बलूच संपत्ति का दुरुपयोग करने की कोशिश
मीर बलूच ने कहा, "तेल, प्राकृतिक गैस, तांबा, लिथियम, यूरेनियम और दुर्लभ मृदा खनिजों के ये अप्रयुक्त भंडार पंजाब के क्षेत्र में स्थित नहीं हैं, जो वास्तविक पाकिस्तान है। ये बलूचिस्तान गणराज्य के हैं। यह दावा कि ये संसाधन पाकिस्तान के हैं, न केवल झूठा है, बल्कि यह राजनीतिक और वित्तीय लाभ के लिए बलूचिस्तान की संपत्ति का दुरुपयोग करने का एक जानबूझकर किया गया प्रयास है।"
Advertisement
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 3 August 2025 at 07:28 IST