अपडेटेड 22 June 2025 at 09:07 IST
अमेरिका ने ईरान को दिया कभी ना भूलने वाला दर्द, 3 परमाणु ठिकानों पर किया हमला; फोर्डो शहर को मिट्टी में मिलाया
अमेरिका ने ईरान में तीन परमाणु ठिकानों पर हमला किया है जिसमें फोर्डो, नतांज और एस्फाहान शामिल है। फोर्डो पर बम की एक पूरी खेप गिराई गई है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 4 min read

US Strikes Nuclear Sites in Iran: इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग में अब अमेरिका की एंट्री हो गई है। अमेरिका ने देर रात ईरान में तीन परमाणु ठिकानों पर हमला किया है जिसमें फोर्डो, नतांज और एस्फाहान शामिल है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद इस बात की जानकारी दी है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने बताया कि उनकी वायु सेना ने फोर्डो, नतांज और एस्फाहान में पूरी तैयारी के साथ बम गिराए। इनमें मुख्य निशाना फोर्डो था। फोर्डो पर बम की एक पूरी खेप गिराई गई है।
ईरान के 3 परमाणु ठिकानों पर किया हमला
डोनाल्ड ट्रंप ने पोस्ट में बताया कि हमने ईरान में तीन परमाणु स्थलों पर अपना बहुत ही सफल हमला पूरा कर लिया है, जिसमें फोर्डो, नतांज और एस्फाहान शामिल हैं। सभी विमान अब ईरान के हवाई क्षेत्र से बाहर हैं। प्राथमिक स्थल, फोर्डो पर बमों का पूरा पेलोड गिराया गया। सभी विमान सुरक्षित रूप से अपने घर की ओर जा रहे हैं। हमारे महान अमेरिकी योद्धाओं को बधाई। दुनिया में कोई और सेना नहीं है जो ऐसा कर सकती थी। अब शांति का समय है! इस मुद्दे पर आपका ध्यान देने के लिए धन्यवाद। ट्रंप ने एक दूसरे पोस्ट में कहा कि ईरान को अब जंग को समाप्त करने के लिए सहमत होना चाहिए।
न्यूक्लियर साइट्स को उड़ाने का उद्देश्य क्या?
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमले की जानकारी देते हुए देश को संबोधित कर कहा कि अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु संयंत्रों पर हमला किया। उन्होंने कहा, 'आज रात, मैं दुनिया को बता सकता हूं कि ये हमले एक शानदार सैन्य सफलता थी। ईरान की प्रमुख परमाणु संवर्धन सुविधाएं पूरी तरह से नष्ट कर दी गई हैं।'
Advertisement
उन्होंने आगे कहा, 'हमारा उद्देश्य ईरान की परमाणु संवर्धन क्षमता को नष्ट करना और विश्व में आतंकवाद को प्रायोजित करने वाले नंबर एक देश द्वारा उत्पन्न परमाणु खतरे को रोकना था।'
ट्रंप की ईरान को चेतावनी- शांति कायम करें, नहीं तो...
ट्रंप ने आगे कहा, ‘मध्य पूर्व के धमकाने वाले ईरान को अब शांति स्थापित करनी चाहिए। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो भविष्य में हमले कहीं अधिक बड़े होंगे। 40 सालों से ईरान इजरायल को मौत और अमेरिका को मौत कहता आ रहा है। वे हमारे लोगों को मार रहे हैं, उनके हाथ और पैर उड़ा रहे हैं, सड़क किनारे बमों से उड़ा रहे हैं... उनके जनरल कासिम सुलेमानी ने बहुत से लोगों को मार डाला। मैंने बहुत पहले ही तय कर लिया था कि मैं ऐसा नहीं होने दूंगा। यह जारी नहीं रहेगा।’
Advertisement
गौरतलब है कि जंग की शुरुआत से ही अमेरिका की ओर से ईरान पर हमले की चेतावनी दी जा रही थी। अमेरिका शुरुआत से ही इजरायल का खुलेतौर पर साथ दे रहा है। पिछले दिनों ट्रंप ने बयान दिया था कि ईरान परमाणु हथियार नहीं रख सकता है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 22 June 2025 at 08:05 IST