अपडेटेड 3 September 2024 at 11:09 IST

New York Firing: गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा न्यूयॉर्क, परेड के दौरान फायरिंग में कई लोग घायल

न्यूयॉर्क में कैरिबियाई संस्कृति के सबसे बड़े वार्षिक समारोह में से एक वेस्ट इंडियन अमेरिकन डे परेड में एक बंदूकधारी के हमले में पांच लोग घायल हो गए।

new york firing
न्यूयॉर्क में परेड के दौरान फायरिंग | Image: AP

New York Firing: अमेरिका के न्यूयॉर्क में कैरिबियाई संस्कृति के सबसे बड़े वार्षिक समारोह में से एक ‘वेस्ट इंडियन अमेरिकन डे परेड’ में एक बंदूकधारी के हमले में सोमवार को पांच लोग घायल हो गए। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के चीफ ऑफ पेट्रोल जॉन चेल ने बताया कि एक बंदूकधारी ने दोपहर करीब दो बजकर 35 मिनट के आसपास ब्रुकलिन में परेड मार्ग पर लोगों के एक खास समूह पर गोलियां चलायीं। परेड इससे घंटों पहले ही शुरू हो गयी थी और हजारों लोग नृत्य कर रहे थे तथा ईस्टर्न पार्कवे पर मार्च कर रहे थे। घटना के बाद भी परेड रात भर जारी रही।

चेल ने बताया कि घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीन अन्य लोगों का भी उपचार हो रहा है। बंदूकधारी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। चेल ने बताया, ‘‘यह लोगों के एक समूह के प्रति किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर किया गया कृत्य था। घटनास्थल के आसपास अब कोई हमलावर नहीं है।’’

Advertisement

सीनेट में बहुसंख्यक नेता चक शुमर घटना के वक्त परेड में मार्च कर रहे थे और उन्होंने मार्च पूरा किया। पुलिस ने परेड मार्ग से सटे इलाके की घेराबंदी कर दी। चेल ने आसपास खड़े लोगों से पुलिस को गोलीबारी का कोई भी वीडियो फुटेज उपलब्ध कराने को कहा है। इस वार्षिक श्रम दिवस परेड में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होते हैं। इसमें स्थानीय नेता भी शामिल होते हैं जिनमें से कई पश्चिमी भारतीय मूल के हैं या शहर के सबसे बड़े कैरिबियाई समुदाय के सदस्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं। इस परेड में पहले भी हिंसा की घटनाएं हुई हैं। वर्ष 2016 में परेड मार्ग के समीप दो लोगों की हत्या कर दी गयी थी तथा कई अन्य घायल हो गए थे।

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 3 September 2024 at 11:09 IST