Trump Zelensky Meeting: ट्रंप-जेलेंस्की वार्ता से पहले रूस ने यूक्रेन पर किया भीषण हमला, बच्चों समेत 7 की मौत- यूक्रेनी राष्ट्रपति का बड़ा दावा
Volodymyr Zelenskyy: जेलेंस्की ने कहा, "रूसी जानबूझकर लोगों, खासकर बच्चों, की हत्या कर रहे हैं। खार्किव में हुए ड्रोन हमले में अब तक सात लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें सबसे कम उम्र की एक बच्ची है जो सिर्फ़ डेढ़ साल की है, और दर्जनों लोग घायल हुए हैं, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।"
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Volodymyr Zelenskyy, Trump Zelenskyy meeting: यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध और तनाव को खत्म करने की काफी कोशिश हो रही है। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अभी अहम रोल निभाते हुए दिख रहे हैं। इसी को लेकर भारतीय समयानुसार आज देर रात प्रेसिडेंट ट्रंप की यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से मुलाकात होने वाली है। यह मुलाकात अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन के ओवल ऑफिस में होने वाली है। इससे पहले ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ अलास्का में बैठक की थी। वहीं, यूक्रेनी प्रेसिडेंट जेलेंस्की ने रूस को लेकर एक बड़ा दावा किया है।
जी हां, वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि जब पता है कि आज प्रेसिडेंट ट्रंप के साथ हमारी मुलाकात होने वाली है तब उन्होंने (रूस) हमला कर दिया है। वोलोडिमिर जेलेंस्की ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “यह एक ठोस और निंदनीय रूसी हमला था। उन्हें पता है कि आज वाशिंगटन में एक बैठक हो रही है जिसमें युद्ध की समाप्ति पर चर्चा होगी।”
Zelenskyy on Russia: रूस ने यूक्रेन के कई इलाकों में किया मिसाइल हमला - जेलेंस्की
जेलेंस्की ने आगे लिखा, "हम राष्ट्रपति ट्रंप के साथ प्रमुख मुद्दों पर चर्चा करेंगे। यूक्रेन के साथ-साथ, यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, जर्मनी, इटली, फ़िनलैंड, यूरोपीय संघ और नाटो के नेता भी इस बातचीत में भाग लेंगे। हर कोई सम्मानजनक शांति और सच्ची सुरक्षा चाहता है। और इसी समय, रूस खार्किव, ज़ापोरिज्जिया, सूमी क्षेत्र और ओडेसा पर हमला कर रहा है, आवासीय भवनों और हमारे नागरिक बुनियादी ढाँचे को नष्ट कर रहा है।" उन्होंने लिखा है, "रूसी जानबूझकर लोगों, खासकर बच्चों, की हत्या कर रहे हैं। खार्किव में हुए ड्रोन हमले में अब तक सात लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें सबसे कम उम्र की एक बच्ची है जो सिर्फ़ डेढ़ साल की है, और दर्जनों लोग घायल हुए हैं, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।"
जेलेंस्की ने कहा कि ज़ापोरिज्जिया में मिसाइल हमलों में 20 लोग घायल हुए और तीन की मौत हो गई। मेरी संवेदनाएँ सभी पीड़ितों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं। यूक्रेनी प्रेसिडेंट ने दावा किया कि ओडेसा में एक अज़रबैजानी कंपनी के स्वामित्व वाली ऊर्जा सुविधा पर भी रूस द्वारा जानबूझकर हमला किया गया, जिसका अर्थ था कि यह न केवल हम पर बल्कि हमारे संबंधों और ऊर्जा सुरक्षा पर भी हमला था।
Advertisement
युद्ध समाप्त होना ही चाहिए। और यह मास्को ही है जिसे यह शब्द सुनना चाहिए: "बंद करो।" - जेलेंस्की
जेलेंस्की ने कहा कि रूसी युद्ध मशीन हर हाल में ज़िंदगियाँ तबाह करती जा रही है। पुतिन यूक्रेन और यूरोप पर दबाव बनाए रखने के साथ-साथ कूटनीतिक प्रयासों को नीचा दिखाने के लिए प्रदर्शनकारी हत्याएं करेंगे। यही कारण है कि हम इन हत्याओं को रोकने के लिए सहायता मांग रहे हैं। इसीलिए विश्वसनीय सुरक्षा गारंटी की आवश्यकता है। इसीलिए रूस को इस युद्ध में उसकी भागीदारी के लिए पुरस्कृत नहीं किया जाना चाहिए। युद्ध समाप्त होना ही चाहिए। और यह मास्को ही है जिसे यह शब्द सुनना चाहिए: “बंद करो।”
जेलेंस्की के साथ कौन-कौन होगा?
आज जेलेंस्की के साथ फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर, इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी, फिनलैंड के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर स्टब और यूरोपीय संघ की प्रमुख उर्सला वान डेर लिएन भी डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगी।