अब कैसे शांति कराएंगे ट्रंप? यूक्रेन ने रूस के न्यूक्लियर प्लांट पर किया बड़ा हमला, स्वतंत्रता दिवस पर बड़ी कार्रवाई
Ukraine Russia War: रूस ने रविवार को यूक्रेन पर ड्रोन हमले करने का आरोप लगाया, जिसके कारण उसके पश्चिमी कुर्क क्षेत्र में स्थित परमाणु ऊर्जा संयंत्र में रातोंरात आग लग गई। यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब यूक्रेन अपनी स्वतंत्रता के 34 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहा है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Ukraine Russia War: बीते चार वर्षों से रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध शांति के बजाय भीषण रण की ओर ही तेजी से जाते हुए दिख रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के युद्ध को रोकने के प्रयासों के बावजूद भी इन दोनों के बीच यह लड़ाई थमती हुई नहीं दिख रही है। हालिया मामला रूस के न्यूक्लियर प्लांट पर हमले की है। यह हमला यूक्रेन ने अपने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव के बीच ही कर दिया है। जी हां, विभिन्न मीडिया रिपोर्टों से मिली जानकारी के अनुसार, रूस ने दावा किया है कि यूक्रेन ने रूस के न्यूक्लियर प्लांट पर बड़ा हमला किया है। यह हमला रात में ड्रोन के जरिए किया गया है। इस हमले के बाद न्यूक्लियर प्लांट में आग लग गई।
विदेशी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रूसी अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन ने रविवार को रूस पर ड्रोन हमला किया, जिससे रूस के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्रों में से एक के रिएक्टर की क्षमता में भारी गिरावट आई और प्रमुख उस्त-लुगा ईंधन निर्यात टर्मिनल में भीषण आग लग गई।
परमाणु संयंत्र में लगी आग को बुझा दिया गया
न्यूज एजेसीं एपी की एक रिपोर्ट के अनुसार, रूस ने रविवार को यूक्रेन पर ड्रोन हमले करने का आरोप लगाया, जिसके कारण उसके पश्चिमी कुर्क क्षेत्र में स्थित परमाणु ऊर्जा संयंत्र में रातोंरात आग लग गई। यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब यूक्रेन अपनी स्वतंत्रता के 34 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहा है। रूसी अधिकारियों ने बताया कि रात भर हुए हमलों में कई बिजली और ऊर्जा संयंत्रों को निशाना बनाया गया। टेलीग्राम पर संयंत्र की प्रेस सेवा के अनुसार, परमाणु संयंत्र में लगी आग को तुरंत बुझा दिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हालांकि हमले में एक ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन विकिरण का स्तर (radiation levels) सामान्य सीमा के भीतर रहा। संयुक्त राष्ट्र के परमाणु निगरानी निकाय ने कहा कि उसे मीडिया रिपोर्टों की जानकारी है कि संयंत्रों में एक ट्रांसफार्मर में "सैन्य गतिविधि के कारण" आग लग गई थी, लेकिन उसे स्वतंत्र पुष्टि नहीं मिली है। संस्था के महानिदेशक, राफेल मारियानो ग्रॉसी ने कहा कि “हर परमाणु प्रतिष्ठान की हर समय सुरक्षा की जानी चाहिए।”
ट्रंप के साथ रूस और यूक्रेन के राष्ट्रपति की बैठक
रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग को रोकने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों के राष्ट्रपतियों के साथ बीते दिनों अमेरिका में अलग-अलग बैठकें की थी। ट्रंप ने सबसे पहले रूस के प्रेसिडेंट व्लादिमीर पुतिन के साथ अमेरिका के अलास्का में बैठक की थी। इस दौरान ट्रंप ने कहा था कि रूसी राष्ट्रपति के साथ बैठक बहुत उत्पादक रही। हमने पुतिन के साथ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। यह एक रचनात्मक बैठक थी। हम यूक्रेन मुद्दे को सुलझाने में पूरी तरह से रुचि रखते हैं। वहीं, बैठक के बाद पुतिन ने कहा था, "मैं इस बात से सहमत हूं कि यूक्रेन की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। बेशक, हम इस पर काम करने के लिए तैयार हैं।"
Advertisement
पुतिन के साथ बैठक के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के प्रेसिडेंट जेलेंस्की के साथ वाशिंगटन के ओवल ऑफिस में बैठक की थी। तब प्रेसिडेंट ट्रंप ने कहा था, "यदि आज सब कुछ ठीक रहा, तो हम त्रिपक्षीय वार्ता करेंगे - और मुझे लगता है कि ऐसा करने पर युद्ध समाप्त होने की उचित संभावना होगी।" लेकिन अब यूक्रेन के द्वारा रूस के न्यूक्लियर प्लांट पर हमले से ऐसा लग रहा है कि दोनों देशों के बीच कुछ भी सही नहीं है।