अपडेटेड 20 October 2025 at 16:16 IST

Diwali 2025: ब्रिटेन से लेकर ऑस्ट्रेलिया तक, दुनिया के इन दिग्गज नेताओं ने दी दिवाली की शुभकामनाएं

Diwali 2025: सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने भी दिवाली की शुभकामना दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा - अंधकार पर प्रकाश। भय पर आशा। जैसे-जैसे हम दीपावली की उलटी गिनती शुरू करते हैं, हम न केवल अपने घरों को भरने वाली रोशनियों का जश्न मनाते हैं, बल्कि हमारे दिलों में उनके अर्थ का भी जश्न मनाते हैं।

Diwali 2025
दुनिया के इन दिग्गज नेताओं ने दी दिवाली की शुभकामनाएं | Image: Official X (Twitter )Handle

Diwali 2025: आज पूरा देश दिवाली को धूमधाम से मना रहा है। भारत वर्ष में इस पर्व को सदियों से मनाते आया जा रहा है। इस खास मौके पर लोग अपने घरों-दुकानों और प्रतिष्ठानों में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश जी की पूजा करते हैं।

पीएम मोदी ने देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए कहा है, "सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रकाश का यह पावन पर्व हर किसी के जीवन को सुख-समृद्धि और सौहार्द से आलोकित करे, यही कामना है।"

इस खास मौके पर भारतवासी देश ही नहीं विदेशों में जहां भी हैं, वहां पर धूमधाम से दिवाली मना रहे हैं। इस बीच इस खास अवसर पर दुनिया भर के दिग्गज नेता, राष्ट्राध्यक्ष और कई देशों के एंबेसी की ओर से भी भारत को, हर भारतवासी तथा हिंदुओं को दिवाली की शुभकामनाएं दी जा रही हैं।    

मैंने मुंबई में एक दीया जलाया था - ब्रिटेन के पीएम

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने दीपावली के इस खास पर्व पर शुभकामनाएं दी है। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर दिवाली मनाते हुए अपनी तस्वीर को शेयर करके लिखा, "ब्रिटेन भर के हिंदुओं, जैनियों और सिखों को आनंदमय और शांतिपूर्ण दिवाली और बंदी छोड़ दिवस की शुभकामनाएं। इस महीने की शुरुआत में मैंने भक्ति, आनंद और नए बंधनों के प्रतीक के रूप में मुंबई में एक दीया जलाया था। प्रकाश के इस त्योहार का जश्न मनाते हुए, आइए हम एक ऐसे ब्रिटेन का निर्माण करते हैं, जहां हर कोई आशा के साथ आगे देख सके।"

Advertisement

ब्रिटेन के राजा किंग चार्ल्स III की ओर से भी दिवाली की शुभकामना दी गई है। The Royal Family के आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा गया है - ब्रिटेन और दुनिया भर में प्रकाश के त्योहार को मनाने वाले सभी लोगों को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं।

यह विशेष अवसर आपको उज्ज्वल भविष्य की आशा से भर दे -  एंथोनी अल्बानीज

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज ने दिवाली के शुभ अवसर पर लोगों को बधाइयां दी हैं। उन्होंने एक वीडियो मैसेज को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शेयर कर कहा - मैं सभी लोगों को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।

Advertisement

उन्होंने आगे कहा - जैसे ही आप प्रकाश के इस महान उत्सव को मनाने के लिए एकत्रित होते हैं, यह विशेष अवसर आपको उज्ज्वल भविष्य की आशा से भर दे। यह उत्सव अत्यंत अद्भुत हो, यही कामना है।

भारत में हमारे सभी मित्रों को शुभ और शांतिपूर्ण दिवाली की शुभकामनाएं - इजरायल 

इजरायल के विदेश मंत्रालय की ओर से दिवाली की शुभकामना देते हुए कहा गया - जहां भारत भर में लाखों लोग अंधकार पर प्रकाश की विजय का उत्सव मनाने के लिए अपने दीये जला रहे हैं, वहीं इजरायल शांति, नवीनीकरण और आशा की हार्दिक शुभकामनाएं दे रहा है।

दिवाली की रोशनी घरों और दिलों, दोनों पर चमके। यरुशलम से लेकर दिल्ली और उससे भी आगे, रोशनी का यह त्योहार हम सभी को एक उज्जवल कल में विश्वास बनाए रखने के लिए प्रेरित करे। भारत में हमारे सभी मित्रों को शुभ और शांतिपूर्ण दिवाली की शुभकामनाएं।

सभी को प्रकाश के उज्ज्वल और सार्थक त्योहार की शुभकामनाएं - सिंगापुर के प्रधानमंत्री

सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने भी दिवाली की शुभकामना दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा - अंधकार पर प्रकाश। भय पर आशा। जैसे-जैसे हम दीपावली की उलटी गिनती शुरू करते हैं, हम न केवल अपने घरों को भरने वाली रोशनियों का जश्न मनाते हैं, बल्कि हमारे दिलों में उनके अर्थ का भी जश्न मनाते हैं।

सभी को प्रकाश के उज्ज्वल और सार्थक त्योहार की शुभकामनाएं।


प्रकाश हमें आशा, सद्भाव और नई शुरुआत की ओर ले जाए - भूटान के पीएम 

भूटान के प्रधानमंत्री छेरिंग तोबगे ने दिवाली की शुभकामना दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा है - दिवाली की शुभकामनाएं! सभी को प्रेम, खुशी और एकजुटता से भरी एक उज्ज्वल और आनंदमय दिवाली की शुभकामनाएं। इस त्योहार का प्रकाश हमें आशा, सद्भाव और नई शुरुआत की ओर ले जाए।

ये भी पढ़ें - कनाडा से जबरदस्ती क्यों निकाले जा रहे भारतीय नागरिक? CBSA रिपोर्ट में खुलासा- हर साल बढ़ रहे ‘डिपोर्ट’ केस

Published By : Amit Dubey

पब्लिश्ड 20 October 2025 at 16:16 IST