सूडान में एक हफ्ते में दूसरी बार धंसी गोल्ड माइन,10 मजदूरों की मौत और 21 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

पूर्वोत्तर सूडान में सोने की खदान की एक शाफ्ट अचानक ढह जाने से कम से कम 10 खनिकों की दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण हादसे में 21 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कई अन्य मजदूर अभी भी लापता हैं। राहत एवं बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं।

सूडान में एक हफ्ते में दूसरी बार धंसी गोल्ड माइन,10 मजदूरों की मौत और 21 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका
सूडान में एक हफ्ते में दूसरी बार धंसी गोल्ड माइन,10 मजदूरों की मौत और 21 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका | Image: ANI

गृहयुद्ध की भीषण तबाही झेल रहे अफ्रीकी देश सूडान से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। देश के पूर्वोत्तर इलाके में स्थित सोने की एक खदान की शाफ्ट अचानक ढहने से बड़ा हादसा हो गया। इस आपदा में 10 खनिकों की जान चली गई, जबकि 21 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मलबे के नीचे कई अन्य मजदूरों के दबे होने की आशंका है, जिन्हें बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

लाल सागर राज्य में रात के अंधेरे में हुआ हादसा

स्थानीय निवासियों और अधिकारियों के अनुसार, यह दर्दनाक घटना 'लाल सागर राज्य' के सुदूरवर्ती ओनी इलाके में स्थित एक खदान में हुई। यह खदान शनिवार रात से ही धीरे-धीरे ढहने लगी थी। 'सूडानी मिनरल रिसोर्सेज कंपनी' के एक अधिकारी ने पुष्टि की है कि रविवार तक 10 शव निकाले जा चुके थे और 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। सरकारी खनन कंपनी ने आधिकारिक बयान जारी कर इस जान-माल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

एक हफ्ते के भीतर दूसरी बड़ी खदान त्रासदी

सूडान में खदान धंसने की यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि बीते एक हफ्ते के भीतर यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले बीते रविवार को सूडान के पश्चिमी क्षेत्र में खदानों की एक श्रृंखला ढह गई थी, जिसमें 82 खनिकों की मौत हो गई थी। वह इलाका पैरामिलिट्री 'रैपिड सपोर्ट फोर्सेस' (RSF) के नियंत्रण में है। दरअसल, सूडान में बड़े पैमाने पर सोने का उत्पादन होता है, लेकिन यहां हजारों की संख्या में अनौपचारिक और बिना सुरक्षा मानकों वाली छोटी खदाने फैली हुई हैं। सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण यहां आए दिन ऐसे जानलेवा हादसे होते रहते हैं।

तीन साल से जारी गृहयुद्ध और सोने की अवैध तस्करी

अप्रैल 2023 में सूडानी सेना और RSF के बीच छिड़े युद्ध के बाद से पूरा देश पूरी तरह से तबाही के कगार पर पहुंच चुका है। मॉनिटरिंग ग्रुप्स के मुताबिक, इस गृहयुद्ध में अब तक कम से कम 59,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, जबकि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है। संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों का मानना है कि सूडान की इन असुरक्षित खदानों से बड़े पैमाने पर सोने की अवैध तस्करी की जा रही है, जिसका इस्तेमाल RSF अपने युद्ध अभियानों को फंड करने के लिए कर रहा है।  

Advertisement

ये भी पढ़ें - Budhaditya Rajyog 2026: आज बुधादित्य राजयोग से इन 6 राशियों को होगा जबरदस्त लाभ, मिलेगा मान-सम्मान और रुके हुए काम होंगे पूरे 

 

Published By:
 Aarya Pandey
पब्लिश्ड