Nepal Flash Flood Warning: नेपाल पर मंडराया नया खतरा... भूस्खलन से रुकी नदी, कभी भी आ सकती है तबाही

नेपाल के दार्चुला जिले में भारी भूस्खलन के कारण चौलानी नदी का बहाव आंशिक रूप से बाधित हो गया है। पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सीधे नदी में आ गिरा, जिससे पानी का स्वाभाविक मार्ग रुक गया है। इस स्थिति ने स्थानीय प्रशासन और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

नेपाल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर तबाही का खौफ पैदा कर दिया है। दार्चुला जिले के अपी हिमाल ग्रामीण नगरपालिका स्थित भट्टर इलाके में एक बड़ा पहाड़ टूटकर चौलानी नदी में जा गिरा। भारी भूस्खलन के कारण नदी का बहाव आंशिक रूप से रुक गया है और मलबे के कारण पानी का रास्ता काफी संकरा हो गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि नदी पूरी तरह बंद नहीं हुई है, लेकिन पहाड़ी इलाका लगातार अस्थिर बना हुआ है।

अचानक बाढ़ का बढ़ता खतरा

दार्चुला से करीब 500 किमी दूर नेपाल-तिब्बत सीमा पर आए भीषण फ्लैश फ्लड के बाद यह नई आफत सामने आई है। सशस्त्र पुलिस बल के अनुसार, फिलहाल चौलानी नदी में पानी सामान्य स्तर पर बह रहा है। असली चिंता इस बात की है कि अगर दोबारा भूस्खलन हुआ और नया मलबा नदी के रास्ते को पूरी तरह ब्लॉक कर देता है, तो ऊपर की तरफ भारी मात्रा में पानी जमा होने लगेगा। जब यह कृत्रिम बांध या मलबे की दीवार पानी के दबाव से अचानक टूटेगी, तो बिना किसी चेतावनी के नीचे के इलाकों में तेज रफ्तार से पानी और मलबा पहुंचेगा। जिससे फ्लैश फल्ड का खतरा बना हुआ है।

तटीय इलाकों में अलर्ट, प्रशासन ने संभाली कमान

खतरे की गंभीरता को देखते हुए दार्चुला जिला प्रशासन ने चौलानी नदी के निचले इलाकों और तटों पर रहने वाले लोगों को तुरंत सतर्क कर दिया है। लोगों को नदी के पास न जाने और स्थिति बिगड़ने पर तुरंत सुरक्षित जगहों पर स्थानांतरित होने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित आपदा से निपटने और आपातकालीन बचाव कार्य के लिए संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। सुदूरपश्चिम के मुख्यमंत्री खगराज भट्ट ने सभी स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने का सख्त निर्देश दिया है।

ये भी पढ़ें - NEET-PG की दोबारा परीक्षा आज, जयपुर में 2499 छात्र परीक्षा देंगे; दो केंद्रों पर पहले रद्द हुआ था पेपर
 

Advertisement
Published By:
 Aarya Pandey
पब्लिश्ड