अपडेटेड 9 July 2024 at 19:07 IST
रूस के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार मिलने के बाद बोले PM मोदी- ये मेरा नहीं 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान
पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) को रूस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल' (Order of St. Andrew the Apostle) से सम्मानित किया गया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) को रूस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल' (Order of St. Andrew the Apostle) से सम्मानित किया गया। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने पीएम मोदी रूस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया।
रूस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल' से सम्मानित किए जाने के बाद पीएम मोदी ने कहा रूस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित करने के लिए मैं आपका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह सम्मान केवल मेरा सम्मान नहीं है, यह 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है। यह भारत और रूस की सदियों पुरानी गहरी मित्रता और आपसी विश्वास का सम्मान है। यह हमारी स्पेशल और प्रिविलेज स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का सम्मान है।
भारत और रूस के संबंध हर दिशा में मजबूत हुए हैं- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि एक्सीलेंसी, पिछले लगभग 2.5 दशक से आपके नेतृत्व में भारत और रूस के संबंध हर दिशा में मजबूत हुए हैं और हर बार और नई ऊंचाइयों को प्राप्त करते रहे हैं। आपने दोनों देशों के बीच जिन रणनीतिक संबंधों की नींव रखी थी वह गुजरते समय के साथ और मजबूत होकर निकली है। पीपल-टू-पीपल पार्टनरशिप पर आधारित हमारा पारस्परिक संबंध हमारे लोगों के बेहतर भविष्य की उम्मीद भी बन रहा है, गारंटी भी बन रहा है।
भारत और रूस के संबंध पूरे विश्व के लिए महत्वपूर्ण- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज की चर्चाओं में भी हमने सभी क्षेत्रों में आपसी सहयोग को मजबूत करने के लिए नए और महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। हमारे संबंध केवल दोनों देशों के लिए ही नहीं पूरे विश्व के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। आज के वैश्विक वातावरण के परिपेक्ष में भारत और रूस की पार्टनरशिप और भी अहम हो जाती है। हम दोनों विश्वास रखते हैं कि वैश्विक स्थिरता और शांति के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। आने वाले समय में हम मिलकर इसी दिशा में काम करते रहेंगे।
Advertisement
सम्मान के लिए रूस की सरकार और लोगों का आभार- पीएम मोदी
एक्सीलेंसी एक बार फिर रूस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल' के लिए मैं 140 करोड़ भारतवासियों की ओर से आपका रूस की सरकार का और रूस के लोगों का बहुत-बहुत आभार व्यक्त करता हूं।
इसे भी पढ़ें: 'जब मासूम बच्चों का कत्ल होता है, तब दर्द बहुत भयानक होता है', PM मोदी ने पुतिन से ऐसा क्यों कहा?
Advertisement
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 9 July 2024 at 19:07 IST