अपडेटेड 25 August 2024 at 14:55 IST

युवक ने सोलिंगन में चाकू हमले की जिम्मेदारी लेते हुए आत्मसमर्पण किया: जर्मन पुलिस

पुलिस ने कहा था कि किशोर पर इस योजनाबद्ध हमले के बारे में जानकारी होने और अधिकारियों को इस बारे में सूचित न करने का संदेह है, लेकिन वह हमलावर नहीं है।

UP: Son of former Rajya Sabha MP arrested for defrauding property dealer
युवक ने सोलिंगन में चाकू हमले की जिम्मेदारी लेते हुए आत्मसमर्पण किया: जर्मन पुलिस | Image: PTI/file

जर्मन पुलिस ने रविवार को बताया कि 26 वर्षीय एक व्यक्ति ने सोलिंगन में हुए घातक चाकू हमले के पीछे अपना हाथ बताते हुए आत्मसमर्पण किया है। सोलिंगन शहर की 650वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित एक उत्सव के दौरान शुक्रवार देर रात एक हमलावर ने चाकू से हमला कर तीन लोगों की हत्या कर दी थी और आठ लोगों को घायल कर दिया था। डसेलडोर्फ पुलिस ने एक बयान जारी कर बताया कि व्यक्ति ने कहा कि हमले के लिए वह जिम्मेदार है। पुलिस ने बताया कि उसे पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने कहा, इस व्यक्ति की अपराध में संलिप्तता को लेकर फिलहाल गहन जांच की जा रही है। इस्लामिक स्टेट समूह (आईएस) ने सोलिंगन में हुए इस हमले की शनिवार को जिम्मेदारी ली थी। आईएस ने अपनी समाचार वेबसाइट अमाक पर यह दावा करते हुए कहा था कि हमलावर ने ईसाइयों को निशाना बनाया और वह इस्लामिक स्टेट का सिपाही है, जिसने फलस्तीन और दूसरी जगहों पर मुसलमानों का बदला लेने के लिए यह हमला किया। आईएस के दावे की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी।


हमले के आरोप में 15 वर्षीय किशोर गिरफ्तार

इससे पहले अधिकारियों ने कहा था कि उन्होंने 15 वर्षीय एक लड़के को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कहा था कि किशोर पर इस योजनाबद्ध हमले के बारे में जानकारी होने और अधिकारियों को इस बारे में सूचित न करने का संदेह है, लेकिन वह हमलावर नहीं है। पुलिस ने बताया था कि प्रत्यक्षदर्शियों ने शुक्रवार रात साढ़े नौ बजे के बाद उसे सूचित किया कि एक अज्ञात अपराधी ने फ्रोंहोफ चौराहे पर उत्सव के दौरान चाकू से अंधाधुंध हमला कर कई लोगों को हताहत कर दिया है। पुलिस के अनुसार, इस हमले को संभवत: केवल एक व्यक्ति ने अंजाम दिया।

मृतकों में 2 पुरुष और एक महिला

प्राधिकारियों ने बताया कि मृतकों में 67 एवं 56 वर्षीय दो पुरुष तथा 56 वर्षीय एक महिला शामिल है। पुलिस ने बताया कि हमलावर ने जानबूझकर लोगों के गले पर हमला किया। शहर की 650वीं वर्षगांठ के अवसर पर विविधता उत्सव शुक्रवार को शुरू हुआ था और इसका आयोजन रविवार तक होना था। हमले के बाद उत्सव के शेष कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। जर्मनी में चाकू से हमलों की घटनाओं में हालिया बढ़ोतरी चिंता का विषय बन गई है। स्वयं को राजनीतिक इस्लाम का विरोधी बताने वाले एक समूह के सदस्यों पर एक अफगान प्रवासी द्वारा मई में चाकू से किए गए हमले में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई थी।

Advertisement

यह भी पढ़ेंः जब जज के सामने फूट-फूटकर रोने लगा संजय रॉय, बोला- पॉलीग्राफ टेस्ट में...

Published By : Ravindra Singh

पब्लिश्ड 25 August 2024 at 14:55 IST