'उड़े जब-जब जुल्फें तेरी...' गाने पर उज्बेक बच्चों ने PM मोदी के सामने दी परफॉर्मेंस, भारतीय धुन पर थिरककर बांध दिया समां- VIDEO
दो दिवसीय उज्बेकिस्तान दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जोरदार स्वागत हुआ। यहां नन्हे बच्चों ने पीएम मोदी के सामने एक ऐसी प्रस्तुति जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया। बच्चों ने बॉलीवुड की दिग्गज गायिका आशा भोसले के पॉपुलर गाने 'उड़े जब-जब जुल्फें तेरी' पर शानदार परफॉर्मेंस दी। उनकी प्रस्तुति देख पीएम मोदी मंत्रमुग्ध हो गए।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय उज्बेकिस्तान दौरे पर की शुरुआत बेहद यादगार रही। यहां ताशकंद पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। नन्हे बच्चों ने एक ऐसी खूबसूरत प्रस्तुति दी जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। बच्चों ने बॉलीवुड की दिग्गज गायिका आशा भोसले के सदाबहार गाने 'उड़े जब-जब जुल्फें तेरी' पर बेहद शानदार डांस परफॉर्मेंस दी। उनकी प्रस्तुति देखकर पीएम मोदी मंत्रमुग्ध और भावविभोर नजर आए।
पीएम मोदी ने इस खास स्वागत की कुछ झलकियां अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर शेयर की है। उन्होंने सांस्कृति कार्यक्रम, भारतीय समुदाय से बातचीत समेत अन्य की झलकियां एक वीडियो के जरिए साझा की। वीडियो में बच्चे लाल कालीन वाले हॉल में पूरे उत्साह के साथ थिरकते दिखाई दे रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी मंच के नजदीक खड़े होकर बच्चों की प्रस्तुति का आनंद लेते दिखे।
पीएम मोदी नन्हें कलाकारों से मिले
अंत में परफॉर्मेंस खत्म होने के बाद पीएम मोदी ने सभी नन्हें कलाकारों से बातचीत की और अपना आशीर्वाद दिया। वहीं कार्यक्रम में मौजूद भारतीय समुदाय के लोग तिरंगा लहराते और तालियां बजाते दिखाई दिए।
वीडियो में ताशकंद की संस्कृति और भारत के साथ गहरे जुड़ाव को महसूस किया जा सकता है। इस पोस्ट के साथ प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर लिखा, ‘खास स्वागत, यांगी उज्बेकिस्तान स्मारक पर पुष्पांजलि और भारतीय समुदाय के साथ बातचीत... ताशकंद में कल की कुछ खास झलकियां।’
Advertisement
एक और नृत्य ने भी बांधा समां
इसके अलावा यहां भारतीय और उज्बेक नृत्य परंपराओं के संगम ने समां बांध दिया। कथक और अंदिजान पोल्का का फ्यूजन दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा। इस पूरे कार्यक्रम ने दोनों देशों के बीच गहरे जन-जुड़ाव की एक जीवंत झलक पेश की।
सर्वोच्च सम्मान से नवाजे गए पीएम मोदी
बता दें कि पीएम मोदी को रविवार को राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने अपने देश के सर्वोच्च राज्य सम्मान 'ओली दाराजली दोस्लिक' से सम्मानित किया। उज्बेक भाषा के इस शब्द का मतलब है- उच्च स्तरीय मित्रता। यह 36वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है, जिससे पीएम मोदी को नवाजा गया है। इससे पहले दोनों नेताओं के बीच ताशकंद में द्विपक्षीय बैठक हुई, जिसमें भारत और उज्बेकिस्तान के बीच यूरेनियम सप्लाई पर चर्चा हुई।
Advertisement
आज शाम जाएंगे महात्मा गांधी सेंटर
पीएम मोदी ने रविवार सुबह ताशकंद में एक योग सेशन में हिस्सा लिया। उन्होंने वहां मौजूद लोगों को योग की सीख भी दी। इसके अलावा शाम को वह ताशकंद में शास्त्री मेमोरियल और महात्मा गांधी सेंटर जाएंगे।