Turkey Airport: तुर्किए एयरपोर्ट पर 250 से ज्यादा भारतीय फंसे... 40 घंटे से हवाई अड्डे पर मचा बवाल, खाने-पीने पर भी आया संकट
लंदन से मुंबई जा रही वर्जिन अटलांटिक फ्लाइट की तुर्किए एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। 250 से ज्यादा भारतीय बीते 40 घंटे से यहां फंसे हुए हैं।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Turkey Airport: तुर्किए एयरपोर्ट पर पिछले 40 घंटे से 250 से ज्यादा भारतीय फंसे हुए हैं। दरअसल, लंदन से मुंबई जा रही वर्जिन अटलांटिक की फ्लाइट की तुर्किए एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। ऐसे में भारतीय यात्री बीते 40 घंटे से तुर्किए एयरपोर्ट पर अटके हुए हैं। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो एयरपोर्ट पर ना सही से खाने की और ना पानी की व्यवस्था है। लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार विमान में कुछ तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। कहा जा रहा है कि जहां पर लैंडिंग कराई गई है, वहां से विमान के उड़ान भरने की सही सुविधाएं नहीं है। यही कारण है कि अबतक विमान को वापस मुंबई के लिए नहीं भेजा गया है। यात्रियों का कहना है कि किसी से ठीक से बातचीत नहीं हो पा रही है। अपने परिजनों से संपर्क करने में परेशानी आ रही है।
सफर के यात्रियों ने सुनाई आपबीती
एक यात्री ने कहा, "हम बिना किसी उचित जानकारी के यहां घंटों बैठे हैं। इस स्थिति से कई परिवार जूझ रहे हैं।" एक अन्य यात्री ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा, "हम बिना किसी कम्युनिकेशन के एक आधे-खाली टर्मिनल बिल्डिंग में फंसे हुए हैं। हमारे साथ छोटे बच्चे, महिलाएं, कुछ बीमार लोग हैं और हमारे पास कल शाम को भेजे गए दो पर्चों के अलावा कोई जानकारी नहीं है। हमें उतरे हुए लगभग 14 घंटे हो चुके हैं।"
एक यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, “अत्यंत आवश्यक और महत्वपूर्ण! लंदन से मुंबई जाने वाले वीएस 358 विमान से 200 से अधिक यात्री पिछले 12 घंटों से तुर्की के दियारबुकिर एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं और उन्हें अपने घर वापस लौटने का कोई पता नहीं है। कृपया DIY से BOM तक जाने के लिए कोई वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था करें।”
Advertisement
वर्जिन अटलांटिक ने जारी किया बयान
वर्जिन अटलांटिक के प्रवक्ता ने रिपब्लिक को बताया कि '2 अप्रैल को लंदन हीथ्रो से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली VS358 फ्लाइट को तुर्किए के दियारबाकिर एयरपोर्ट पर तत्काल मेडिकल डायवर्जन के कारण रद्द कर दिया गया था और उसके बाद तकनीकी निरीक्षण की आवश्यकता थी। हमारे कस्टमर्स और चालक दल की सुरक्षा हमेशा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और हमें हुई असुविधा के लिए खेद है। हम यह सुनिश्चित करने के लिए सभी उपलब्ध विकल्पों पर तत्काल विचार कर रहे हैं कि हमारे लोग जितनी जल्दी हो सके मुंबई के लिए अपनी यात्रा जारी रख सकें, जबकि हमारे इंजीनियर विमान की आवश्यक तकनीकी जांच कर रहे हैं। जैसे ही हमें अपडेट जानकारी मिलेगी, हम इसमें शामिल सभी ग्राहकों को सूचित करेंगे।'
इसे भी पढ़ें: US Tariff War: ट्रंप ने भारत पर क्यों लगाया 26 फीसदी टैक्स? जानें कब से लागू होगा टैरिफ और क्या-क्या बदलेगा