PM मोदी और रूसी राष्ट्रपति की बिश्केक में हुई अहम मुलाकात, प्रधानमंत्री ने पुतिन से की युद्ध खत्म करने की अपील, कहा- ये मानवता के लिए खतरा
रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "भारत कुछ ही दिनों में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेज़बानी कर रहा है और सभी भारतीय आपका और आपके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं। आपकी यात्रा हमारे द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करेगी और ब्रिक्स के दायरे में बातचीत और सहयोग को और बढ़ाएगी।"
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 4 min read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26वें SCO शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में हैं। वहां रूसी राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन के साथ पीएम नरेंद्र मोदी की अहम मुलाकात हुई है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से मिले थे। ईरान युद्ध के बीच ये मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले साल आपकी भारत यात्रा बहुत सफल और वाकई यादगार रही। हमारे लिए यह बहुत संतोष की बात है कि हमारा सहयोग नई ऊंचाइयां छू रहा है और हम दोनों देशों के लोगों की भलाई के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय हित को सबसे ऊपर रखना हमारा साझा नजरिया रहा है और भविष्य में भी यही हमारा मार्गदर्शक सिद्धांत बना रहेगा।
PM मोदी ने युद्ध के बारे में पुतिन से क्या कहा?
पीएम मोदी ने कहा, "हमने लगातार यूक्रेन के मुद्दे पर चर्चा की है। जब हम पहले मिले थे तो आपने मुझे इस मामले के सभी पहलुओं के बारे में विस्तार से बताया था। जैसा कि आप जानते हैं, भारत शांति की दिशा में किए जा रहे सभी प्रयासों का समर्थन करता है और आगे भी करता रहेगा। युद्ध में बिताया गया हर दिन मानवता को पीछे ले जाता है, जबकि शांति की दिशा में उठाया गया हर कदम मानवता में नई उम्मीद और उत्साह भरता है। हमें कभी न खत्म होने वाले युद्ध से हटकर युद्ध को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। यह मानवता की भलाई के लिए ज़रूरी है। सभी मुद्दों का जल्द से जल्द शांतिपूर्ण समाधान निकालना ही मानवता की पुकार है और यही भारत का संदेश है। गांधी और बुद्ध की धरती का एक ही संदेश है: शांति का रास्ता। आज मैं आपके साथ इन मामलों पर चर्चा करने के लिए उत्सुक हूँ।"
पीएम मोदी ने पुतिन को ब्रिक्स का न्यौता दिया
रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "भारत कुछ ही दिनों में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेज़बानी कर रहा है और सभी भारतीय आपका और आपके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं। आपकी यात्रा हमारे द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करेगी और ब्रिक्स के दायरे में बातचीत और सहयोग को और बढ़ाएगी।"
Advertisement
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने क्या कहा?
रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सबंधों को मजबूत करने में पीएम मोदी के योगदान की जमकर सराहना की। उन्होने कहा कि रूस-भारत संबंधों पर आपके व्यक्तिगत ध्यान देने के लिए मैं आपका बहुत आभारी हूं। बता दें कि 4-5 दिसंबर 2025 को राष्ट्रपति पुतिन की भारत की राजकीय यात्रा के दौरान नई दिल्ली में आखिरी भारत-रूस शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया था।
PM मोदी-पुतिन एक ही कार में बैठकर हुए रवाना
भारत और रूस के द्विपक्षीय बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन दोनों दिग्गज नेता एक ही कार में बैठकर बिश्केक एरिना में आयोजित छठे विश्व नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में भाग लेने पहुंचे। उनकी ये फोटो दोनों नेताओं के बीच दीस्ती और जोरदार बॉन्डिंग को दर्शाता है।