Russia-Ukraine: यूक्रेन का रूस पर बड़ा हमला, न्यू ईयर का जश्न मना रहे लोगों पर ड्रोन अटैक, 24 की मौत; 50 घायल
Russia Ukraine War news: रूस और यूक्रेन के बीच फरवरी 2022 से युद्ध जारी है। दोनों देशों के बीच शांति समझौते पर वार्ता जारी है। इस बीच अब रूस ने फिर यूक्रेन पर ड्रोन से हमला करने का आरोप लगाया है। रूस का दावा है कि इस हमले में 24 लोगों की मौत हुई और 50 से ज्यादा घायल हैं।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

Russia-Ukraine war: रूस और यूक्रेन के बीच जंग को 4 साल होने को है। अब भी ये युद्ध थमने के आसार नहीं दिख रहे। नए साल के पहले ही दिन यूक्रेन ने रूस पर ड्रोन से बड़ा हमला किया। रूस के विदेश मंत्रालय के मुताबिक इस हमले में कम से कम 24 लोग मारे गए और 50 से अधिक लोग घायल हो गए। इसमें एक बच्चा भी शामिल है।
रूस ने यूक्रेन पर ड्रोन से हमले का आरोप ऐसे समय पर लगाया है, जब दोनों देशों के बीच शांति वार्ता को लेकर कूटनीतिक प्रयास जारी हैं, लेकिन तनाव लगातार बढ़ रहा है।
कैफे और होटल पर ड्रोन हमले का दावा
मिली जानकारी के अनुसार ये हमला खेरसन क्षेत्र के रूसी-कब्जे वाले एक गांव में हुआ। एक कैफे और होटल पर यूक्रेन के ड्रोन गिरे। इस दौरान होटल में आग लग गई। रूसी विदेश मंत्रालय के अनुसार यह हमला 2026 की सुबह तड़के हुआ। इस दौरान उस जगह को निशाना बनाया गया जहां लोग नए साल का जश्न मनाने के लिए इकट्ठा हुए थे।
मंत्रालय ने आरोप लगाया कि यह हमला मानवरहित हवाई वाहनों (यूएवी) का उपयोग करके किया गया था और इसे कीव शासन ने नागरिकों के खिलाफ एक और आतंकवादी कृत्य करार दिया था। यूक्रेनी अधिकारियों की ओर से इस हमले के दावे पर फिलहाल कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं आई। वहीं, इस हमले के बाद रूस की ओर से जवाबी कार्रवाई की आशंका है, जिससे शांति समझौता भी प्रभावित हो सकता है।
Advertisement
पहले पुतिन के आवास पर 91 ड्रोन से हमले का किया था दावा
इससे पहले हाल ही में रूस ने यूक्रेन पर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर 91 ड्रोन से हमले का भी दावा किया था। रूस के रक्षा मंत्रालय ने गिराए गए ड्रोन का वीडियो भी जारी किया है, जिसमें कथित रूप से गिराए गए ड्रोन को दिखाया गया है। हालांकि कीव ने पुतिन के घर पर हमले के इन दावों को पूरी तरह से झूठा बताया है।
शांति समझौते की कोशिशें जारी
गौरतलब है कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्ति के लिए शांति वार्ता जारी है। बीते दिनों यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने अमेरिका का दौरा किया था। यहां राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात के दौरान जेलेंस्की ने कहा कि शांति समझौता लगभग 90% तैयार है। वहीं ट्रंप ने भी दावा किया था हम शांति समझौते के 'बहुत करीब' है।