मोदी-मोदी के नारे, कलाई पर राखी और... एयरपोर्ट से होटल तक, PM मोदी का ताशकंद में हुआ भव्य स्वागत; भारतीय समुदाय में दिखा जबरदस्त उत्साह
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को उज्बेकिस्तान पहुंचे। यहां दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूत करने पर चर्चा होगी।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को उज्बेकिस्तान के ताशकंद पहुंचे हैं। यहां राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव ने एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी जैसे ही अपने होटल पहुंचे, वहां पहले से मौजूद भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पूरा माहौल 'वंदे मातरम' और 'भारत माता की जय' के नारों से गूंज उठा।
पीएम मोदी ने भी भारतीय समुदाय के लोगों को निराश नहीं किया और सुरक्षा घेरा तोड़कर उनके बीच पहुंचे। उन्होंने न सिर्फ भारतीय मूल के लोगों से हाथ मिलाया, बल्कि उनका अभिवादन भी स्वीकार किया। इस मुलाकात के दौरान पीएम मोदी के प्रति भीड़ का प्रेम साफ नजर आया।
महिला ने पीएम मोदी को बांधी राखी
इस दौरान एक बेहद खास झलक भी देखने को मिली। जब प्रधानमंत्री मोदी भारतीय समुदाय के लोगों से हाथ मिला रहे थे, तभी भीड़ में मौजूद एक महिला उनकी कलाई पर राखी बांधने लगी। पीएम मोदी ने भी उसे बिल्कुल निराश नहीं किया और बड़े ही आत्मीयता और प्यार से राखी बंधवा ली। इसकी खुशी और संतुष्टि महिला के चेहरे पर साफ देखी जा सकती थी।
PM मोदी ने स्नेह के लिए जताया आभार
पीएम मोदी ने इस स्नेह और प्यार के लिए भारतीय समुदाय के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर ट्वीट कर लिखा, 'ताशकंद में भारतीय समुदाय के प्यार और स्नेह से अभिभूत हूं। हमारा प्रवासी समुदाय भारत और उज़्बेकिस्तान के बीच एक जीवंत पुल है, जो हमारे देशों के बीच दोस्ती के बंधन को मजबूत करता है।'
Advertisement
यांगी उज्बेकिस्तान मॉन्यूमेंट पर पुष्प अर्पित
इससे पहले प्रधानमंत्री ने बताया था कि ताशकंद में लैंड करने के बाद वह प्रेसिडेंट मिर्जियोयेव के साथ यांगी उज्बेकिस्तान मॉन्यूमेंट पर माल्यार्पण करने गए। यांगी उज्बेकिस्तान मॉन्यूमेंट उज्बेक लोगों की उम्मीदों और तरक्की को दिखाता है। यहां आकर अपनी यात्रा शुरू करके खुशी हुई।'
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
बता दें कि पीएम मोदी उज्बेकिस्तान के बाद किर्गिज गणराज्य जाएंगे। इस यात्रा का मकसद मध्य एशिया के देशों के साथ भारत के संबंधों को और अधिक मजबूती देना है। इसके साथ ही इस क्षेत्र के साथ भारत के पुराने सांस्कृतिक संबंधों को भी आगे बढ़ाने पर जोर है।
Advertisement
उज्बेकिस्तान में प्रधानमंत्री मोदी दो दिन रहेंगे और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। बातचीत में व्यापार और निवेश अहम मुद्दे होंगे। दोनों देश डिजिटल कनेक्टिविटी को बढ़ाने पर भी चर्चा कर सकते हैं।