अपडेटेड 10 December 2024 at 14:39 IST
नोबेल शांति पुरस्कार विजेता ने पुतिन से परमाणु धमकी न देने का आग्रह किया
एक अनुवादक के माध्यम से तनाका ने कहा ‘‘मुझे नहीं लगता कि उन्होंने इस बारे में कभी सोचा भी है या इसे समझा भी है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

जापान पर अमेरिकी परमाणु बम हमले में जीवित बचे और इस वर्ष का नोबेल शांति पुरस्कार जीतने वाले संगठन के प्रतिनिधि तेरुमी तनाका ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से परमाणु धमकी देना बंद करने का आह्वान किया है। अब 92 वर्ष के हो चुके तेरुमी ने नॉर्वे के ओस्लो में एक समाचार सम्मेलन से एक दिन पहले, सोमवार को रूसी राष्ट्रपति पुतिन से परमाणु धमकी देना बंद करने का आह्वान किया।
समारोह में उन्हें इस वर्ष का पुरस्कार जीतने वाले, हिरोशिमा और नागासाकी के बमबारी में जीवित बचे लोगों के संगठन निहोन हिडांक्यो की ओर से व्याख्यान देना है।
एक संवाददाता द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या उनके पास पुतिन के लिए कोई संदेश है, तनाका ने कहा कि रूसी नेता बार-बार परमाणु हमले की धमकी देते हैं लेकिन उन्हें यह समझना चाहिए कि परमाणु हथियारों का उपयोग कितना विनाशकारी होगा। उन्होंने कहा कि पुतिन को उनके संगठन का संदेश है कि ‘‘परमाणु हथियार ऐसी चीजें हैं जिनका कभी भी इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि यह बात रूसी नेता को सीधे तौर पर भी बताई गई है।
एक अनुवादक के माध्यम से तनाका ने कहा ‘‘मुझे नहीं लगता कि उन्होंने इस बारे में कभी सोचा भी है या इसे समझा भी है। इसलिए, वे इस तरह की बातें कहने में सक्षम हैं। इसलिए मुझे लगता है कि हमें उनके सोचने के तरीके को बदलना है।’’
Advertisement
हिरोशिमा शहर में 6 अगस्त, 1945 को पहले अमेरिकी परमाणु बम विस्फोट में 140,000 लोग मारे गए थे। 9 अगस्त, 1945 को नागासाकी पर दूसरे बम विस्फोट में 70,000 लोग मारे गए थे। 15 अगस्त को जापान ने आत्मसमर्पण कर दिया, जिससे द्वितीय विश्व युद्ध समाप्त हो गया।
Advertisement
जापान की क्योदो समाचार एजेंसी का कहना है कि जब अमेरिका ने नागासाकी पर परमाणु बम गिराया था, तब तनाका 13 वर्ष के थे और नागासाकी में रह रहे थे। इस हमले में तनाका को कोई बड़ी चोट नहीं लगी, लेकिन उन्होंने अपने परिवार के पाँच सदस्यों को खो दिया। उन्होंने कहा कि तबाह शहर में जले हुए शवों की तस्वीरें उनकी यादों में अब तक बसी हैं।
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 10 December 2024 at 14:39 IST