अपडेटेड 24 March 2026 at 14:55 IST

Iran Israel War: जंग के मैदान से सबसे बड़ी खबर, ट्रंप के 5 दिनों के युद्ध विराम का असर, ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई बातचीत के लिए तैयार

US-Isreal-Iran War: दावा किया जा रहा है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर अमेरिका के साथ बातचीत के लिए तैयार हैं। एक दिन पहले ट्रंप ने भी ईरान संग अच्छी बातचीत होने की बात कही थी। ऐसे में सवाल है कि क्या अब यह युद्ध रुक जाएगा?

US-Iran talk on War
अमेरिका से बातचीत के लिए तैयार खामेनेई | Image: Republic

US-Israel-Iran War news: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग थमने के आसार अब नजर आने लगे हैं। एक दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान संग अच्छी बातचीत जारी होने के दावा किया था और ईरान पर 5 दिनों के लिए सैन्य हमले रोकने का ऐलान किया है। अब खबर है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई भी अमेरिका के साथ बातचीत और समझौता करने के लिए तैयार हो गए हैं। यह जानकारी इजरायली मीडिया के हवाले से अल अरबिया की एक रिपोर्ट में दी गई है।

पहले किया था वार्ता से इनकार

रिपोर्ट में दावा किया कि कुछ दिनों पहले ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और अमेरिकी मध्यस्थ स्टीव विटकोफ के बीच बातचीत हुई। इसे ईरान के सुप्रीम लीडर यानि मोजतबा खामेनेई ने मंजूरी दी। इससे पहले ईरान ने अमेरिका संग बातचीत के दावों को नकार दिया था।

जल्द खुल जाएगा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज- ट्रंप

इन सबके बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग जल्द ही खुल जाएगा। ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान के साथ चल रही बातचीत सफल रही तो यह जलडमरूमध्य को अमेरिका और ईरान के संयुक्त नियंत्रण में रहेगा। ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इसका नियंत्रण शायद वे और अयातुल्लाह मिलकर करेंगे।

इस युद्ध की शुरुआत 28 फरवरी को तब हुई थी, जब अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर हमला किया। हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या हो गई। तब से ही तनाव चरम पर था। एक तरफ अमेरिका-इजरायल के ताबड़तोड़ हमले जारी थी, तो दूसरी ओर ईरान भी लगातार जोरदार पलटवार कर रहा था, जिससे मिडिल ईस्ट में तनाव बना हुआ है।

Advertisement

ट्रंप ने 5 दिनों के लिए टाला ईरान पर हमला

इससे पहले ट्रंप ने ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने के लिए 48 घंटों का अल्टीमेटम भी दिया था। वहीं, एक दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने घोषणा की कि उन्होंने ईरान के पावर प्लांट पर हमला करने की अपनी योजना फिलहाल 5 दिनों के लिए टाल दिया है। उन्होंने दावा किया कि युद्ध खत्म करने के लिए कुछ अज्ञात ईरानी अधिकारियों के साथ उनकी “बहुत अच्छी” बातचीत हुई है।

यह भी पढ़ें: अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में होगी मध्यस्थता की बैठक? व्हाइट हाउस का आया बड़ा बयान

 

Advertisement

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 24 March 2026 at 14:55 IST