अपडेटेड 28 February 2026 at 23:57 IST

Israel-Iran War: ईरानी हमलों के चलते दुबई एयरपोर्ट बंद, सैकड़ों भारतीय समेत हजारों यात्री फंसे

मिडिल ईस्ट में ईरान-इजराइल संघर्ष के चलते अबू धाबी और दुबई एयरपोर्ट बंद कर दिया गया है, इससे हजारों यात्री फंस गए हैं, जिसमें सैकड़ों भारतीय भी शामिल हैं। एशिया, यूरोप, अमेरिका और अफ्रीका की कनेक्टिंग फ्लाइट्स बुरी तरह प्रभावित है।

Israel-Iran Conflict: Ahmedabad, Mangaluru & Other Indian Airports Issue Passenger Advisory Amid Airspace Disruptions
ईरानी हमलों के चलते बंद हुए दुनिया के सबसे बिजी एयरपोर्ट | Image: ANI, Republic

Dubai Airport Shutdown: अमेरिका और इजरायल ने शनिवार को ईरान पर हमला किया, इस बीच दुनिया के सबसे बिजी एयरपोर्ट्स में से एक दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Dubai AIrport) को बंद करना पड़ा। सभी फ्लाइट कैंसिल होने से हजारों यात्री एयरपोर्ट पर ही फंसे रह गए, जिसमें सैकड़ों भारतीय भी शामिल है। दुबई एयरपोर्ट का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें बड़ी संख्या में यात्री बैठे नजर आ रहे हैं।

इजरायल द्वारा तेहरान पर किए गए हवाई हमलों के बाद इजरायल, ईरान, दुबई और इराक ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया, जिससे मध्य पूर्व की कई दिशाओं में हवाई यात्रा बुरी तरह प्रभावित हुई। हमलों के चलते एयरपोर्ट बंद करना पड़ा, दुबई एयरपोर्ट पर अचानक अलार्म बजने लगे, जिससे यात्री घबरा गए और बाहर की तरफ भागने लगे। इस दौरान राष्ट्रीय गार्ड ने परिसर पर कब्जा कर लिया और यात्रियों को भवन के अंदर रहने की सलाह दी। कुछ ही मिनटों में सभी उड़ानें रोक दी गईं। 2 घंटे बाद अधिकारियों ने सभी फ्लाइट्स रद्द करने की घोषणा की। इससे एशिया, यूरोप, अमेरिका और अफ्रीका की कनेक्टिंग फ्लाइट्स प्रभावित हुईं।

दुबई एयरपोर्ट पर भारतीय उड़ानें रद्द

दुबई एयरपोर्ट पर स्थिति अभी भी बदहाल है, इजराइल के अमेरिका समर्थित हमलों के जवाब में ईरान ने मिसाइलें दागीं। इससे खाड़ी क्षेत्र के कई देशों के हवाई क्षेत्र में अस्थायी रोक लगी। दुबई पहुंचे यात्रियों ने बताया कि सुबह 8 बजे से यहां हालात खराब होने शुरू हुए। फिलहाल यात्रियों को एयरपोर्ट न आने की सलाह दी जा रही है। 

फंसे यात्रियों की आपबीती

अबू धाबी में फंसे संजीव मेहता ने कहा- 'मैं दोस्त की पार्टी के लिए आया था, लेकिन हम फंस गए। अलार्म बजे, मिसाइलें गिरीं। गार्ड्स ने हमें अंदर रहने को कहा। सभी फ्लाइट्स सस्पेंड हैं।'

शिकागो के विल वरधन ने बताया कि, 'चेन्नई से अबू धाबी होते हुए शिकागो जा रहा था। अब फंस गया हूं। बमबारी हो रही है, फ्लाइट का स्टेटस पता नहीं।

एयरपोर्ट बंद होने से भारतीयों समेत हजारों लोग फंसे 

यूएई रक्षा मंत्रालय ने घोषणा की कि ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों का हमला हुआ। एयर डिफेंस सिस्टम ने कई मिसाइलों को रोका। एक रिहायशी इलाके में मलबा गिरने से नुकसान हुआ और कई नागरिक की मौत हुई है। दूसरी ओर एयरपोर्ट प्रशासन ने फंसे यात्रियों के लिए भोजन और पानी का इंतजाम किया। जिनके पास यूएई वीजा नहीं था, उन्हें 10 दिन का आपात ट्रांजिट वीजा दिया गया। फिलहाल दुबई में रहने वाले भारतीय कामगारों को हालात ठीक होने पर भारत लौटने की सलाह दी गई। यह संकट ग्लोबल एविएशन नेटवर्क को प्रभावित कर रहा है, खासकर भारत पर इसका असर पड़ रहा है क्योंकि एयरपोर्ट पर कई भारतीय यात्री अभी भी फंसे हैं।

Advertisement

बुर्ज खलीफा को कराया गया खाली

इजरायली मीडिया के अनुसार, दुबई प्रशासन ने 828 मीटर ऊंची इस इमारत से पर्यटकों और स्टाफ को तुरंत बाहर निकाला। बुर्ज खलीफा दुबई का प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां हर साल लाखों लोग 124वीं, 125वीं और 148वीं मंजिल पर बने ऑब्जर्वेशन डेक से शहर और अरब सागर के मनोरम नजारे देखने आते हैं। ईरान के हमलों के वजह से दुनिया का सबसे बिजी दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी बंद करना पड़ा है।

यह भी पढ़ें: ईरान पर बड़े हमलों के बीच ऑयल सप्लाई की रीढ़ पर वार, IRGC ने बंद किया स्ट्रेट ऑफ होर्मुज; क्या भारत पर पड़ेगा असर?
 

Advertisement

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 28 February 2026 at 23:57 IST