KP Sharma Oli Net Worth: कितनी संपत्ति के मालिक हैं नेपाल के पूर्व PM केपी ओली, जिनके खिलाफ फूटा GEN-Z गुस्सा, लगा भ्रष्टाचार का आरोप
Nepal Gen Z Protest: नेपाल में हिंसक विरोध के चलते 30 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। नेपाल के प्रधानमंत्री पद से केपी शर्मा ओली ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया था।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

KP Sharma Oli Net Worth : नेपाल में हालात सुधरते नहीं दिख रहे हैं। गुरुवार को आर्मी हेडक्वार्टर के बाहर GEN-Z (16 साल से 25 साल के बीच के युवा) प्रदर्शनकारी आपस में भिड़ गए। नेपाल में कार्यकारी पीएम के नाम पर भी सहमति नहीं बन पा रही है। सुशीला कार्की के नाम पर अब असहमति हो गई है, युवाओं ने कुलमन घीसिंग का नाम आगे बढ़ाया है।
इस बीच नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली (KP Sharma Oli) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। 73 साल के ओली, जो नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (CPN-UML) के अध्यक्ष हैं। हाल ही में भारी विरोध प्रदर्शनों के बाद 9 सितंबर, 2025 को उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया है। इस बार उनके इस्तीफे और उन पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों ने देश में हलचल मचा दी है। इन विरोध प्रदर्शनों में अब तक कम से कम 34 लोगों की मौत हो गई।
केपी शर्मा ओली 4 बार रहे प्रधानमंत्री
नेपाल में ये पूरा विवाद सोशल मीडिया पर बैन लगाने के बाद शुरू हुआ था। केपी शर्मा ओली ने सोशल मीडिया पर लगाए गए प्रतिबंध को भी हटा लिया था। लेकिन सवाल यह है कि केपी शर्मा ओली की संपत्ति कितनी है और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के क्या आरोप हैं?
ओली ने 1960 के दशक में नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी में शामिल होकर अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। राजशाही के खिलाफ उनके संघर्ष के कारण उन्हें 14 साल से अधिक समय तक जेल में बिताना पड़ा। वह पहली बार 2015 में नेपाल के प्रधानमंत्री बने और इसके बाद चार बार इस पद पर रहे।
Advertisement
केपी शर्मा ओली की संपत्ति
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पिछले कुछ सालों में केपी शर्मा ओली की संपत्ति में अप्रत्याशित इजाफा हुआ है। जिसके पीछे चीन से उनकी नजदीकियां और कारोबारी डील्स को अहम कारण माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो केपी शर्मा ओली की कुल नेटवर्थ करीब 300 करोड़ रुपये है।
हालांकि, केपी शर्मा ओली की संपत्ति को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है। 2018 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, उनके पास 17-18 तोला सोना बैंक में करीब 52 लाख नेपाली रुपये और कुछ जमीन-जायदाद थी। ओली के पास काठमांडू के बालुवाटार में एक आधिकारिक आवास और भक्तपुर के बालकोट में एक निजी आवास होने की जानकारी है।