अपडेटेड 18 September 2024 at 20:02 IST
Japan: जापान से एक बड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है जिसमें एक आदमी की जलन उसी पर भारी पड़ गई। इस घटना का पता तब चला जब एक 31 साल की महिला पुलिस के पास ब्लैंक कॉल की शिकायत लेकर पहुंची थी। फिर जांच में जो सामने आया, उसने उस महिला के होश उड़ा दिए।
दरअसल, ये महिला दिन में 100 से ज्यादा कॉल्स आने से परेशान थी। उसे दिन में कई बार ब्लैंक कॉल आते थे। वो जब भी फोन उठाती, सामने से कोई कुछ बोलता ही नहीं था। वो इससे इतना तंग आ गई कि उसने अपने पति से भी शिकायत की लेकिन उसने मामले पर ध्यान नहीं दिया और इसे जाने दिया।
विदेशी मीडिया आउटलेट की माने तो, उस महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि उसे जुलाई और अगस्त में हर दिन लगभग 100 ब्लैंक कॉल्स आते थे। जब उसके पति ने भी उसकी मदद नहीं की तो वह काफी गुस्सा हो गई। फिर धीरे-धीरे उस महिला ने नोटिस करना शुरू किया कि कैसे जब उसका पति सो रहा होता था या वीडियो गेम खेलता था या उसके साथ समय बिताता था, तब ये ब्लैंक कॉल्स उसे नहीं आते थे।
इससे उस महिला का शक गहराता चला गया। फिर उसने एक तरकीब निकाली और उसने अपने पति की छानबीन करने की सोची। वो अपने पति के साथ शॉपिंग पर गई थी। उसने देखा कि जब उसके पति ने अपना फोन यूज नहीं किया तो उस महिला के फोन पर एक भी ब्लैंक कॉल नहीं आया। फिर वो पुलिस के पास पहुंची जिसने उसके पति के कॉल रिकॉर्ड खंगालने का फैसला किया।
जब पुलिस ने इस मामले की जांच की तो पता चला कि इस ब्लैंक कॉल्स के पीछे उसका पति ही मास्टरमाइंड था। पुलिस ने पता लगाया कि वो अपनी पहचान छिपाने के लिए प्राइवेट नंबर्स का इस्तेमाल कर रहा था। अब पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है।
रिपोर्ट्स में आगे लिखा है कि उस कपल के बीच कुछ भी परेशानी नहीं थी। पति केवल जलन में आकर ऐसा कर रहा था। उसने एक बार अपनी पत्नी को किसी के साथ फोन पर बात करते हुए देख लिया था, तबसे ही वो उसे सबक सिखाने के लिए साइलेंट कॉल्स करके परेशान करने लगा। हालांकि, अब उल्टा उसे ही सबक मिल गया है। आपको बता दें कि जापान में ऐसे किसी को फोन करके परेशान करना गैर-कानूनी माना जाता है। ऐसे लोगों को एक साल तक की जेल या 1 मिलियन येन (लगभग 7,000 अमेरिकी डॉलर) तक का जुर्माना हो सकता है।
पब्लिश्ड 18 September 2024 at 20:01 IST