अपडेटेड 14 March 2026 at 08:16 IST

US-Iran: 'अब भारत के आगे गिड़गिड़ा रहा अमेरिका', रूसी तेल खरीदने की दी छूट तो ईरान ने ट्रंप पर यूं कसा तंज

US-Israel-Iran war: अमेरिका ने ईरान संग जारी जंग के बीच रूसी तेल पर लगे प्रतिबंध को 30 दिनों के लिए हटा दिया है। इसको लेकर ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अरगची ने अमेरिका पर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने भारत का भी जिक्र किया।

Iran's foreign minister Seyed Abbas Araghchi hits back at Donald Trump
अमेरिका पर ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अराघची का हमला | Image: Republic

US-Israel-Iran war: अमेरिका और इजरायल के साथ जारी जंग के बीच ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अराघची ने भारत का जिक्र कर अमेरिका पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अमेरिका अब पूरी दुनिया जिसमें भारत भी शामिल है, उनके आगे रूसी कच्चा तेल खरीदने की भीख मांग रहा है। जबकि वो पहले भारत पर रूस से तेल न खरीदने का दबाव बना रहा था।

ईरानी विदेश मंत्री ने यह बयान अमेरिका के उस फैसले पर लिया है, जिसमें अमेरिका ने रूसी तेल पर लगे प्रतिबंधों को हटा दिया है। अमेरिकी वित्त विभाग ने रूसी तेल खरीदने के लिए 30 दिनों की मंजूरी देने का फैसला लिया।

‘पहले भारत पर बनाया दबाव, अब…’

इस पर ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अराघची ने एक X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए पेपर की कटिंग शेयर की। पोस्ट में उन्होंने लिखा, "अमेरिका ने महीनों तक भारत पर दबाव डाला कि वह रूस से तेल का आयात बंद कर दे। ईरान के साथ दो हफ्ते चले युद्ध के बाद, अब व्हाइट हाउस पूरी दुनिया, जिसमें भारत भी शामिल है, उनसे गुहार लगा रहा है कि वे रूस से कच्चा तेल खरीदें।"

उन्होंने आगे कहा कि यूरोप को लगा था कि ईरान के खिलाफ इस अवैध युद्ध में अमेरिका का साथ देने से उसे रूस के खिलाफ अमेरिका का समर्थन मिल जाएगा। कितनी दयनीय बात है।

Advertisement

अमेरिका ने क्यों हटाया प्रतिबंध? 

दरअसल, भीषण जंग के बीच ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट बंद कर दिया है, जहां से दुनिया का 20 फीसदी कच्चा तेल गुजरता है। इससे तेल की कीमतों में उछाल आया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल को पार कर गई है। इसे देखते हुए ही बढ़ती कीमतों को काबू में करने के लिए अमेरिका ने रूस के तेल को लेकर लगे प्रतिबंधों को 30 दिनों के लिए हटा दिया है, जिससे ग्लोबल सप्लाई भी जारी रह सके।

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि यह मंजूरी केवल उस रूसी तेल के लिए होगी जो पहले से ही समुद्र में मौजूद है। कुछ दिन पहले अमेरिका ने भारत को भी इसी तरह की छूट दी थी।

Advertisement

यह भी पढे़ं: अमेरिका के निशाने पर अली खामेनेई के बेटे मोजतबा, ईरान के टॉप लीडर्स पर घोषित किया इनाम; वांटेड लिस्ट में कौन-कौन?

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 14 March 2026 at 08:16 IST