'ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती'; इजरायली मीडिया का बड़ा दावा
मोजतबा खामेनेई ने 28 फरवरी 2026 को अपने पिता की अमेरिका-इजरायल के सैन्य हमले में मौत के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर के रूप में पद संभाला था। पदभार ग्रहण करने के बाद से उन्होंने किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में लाइव संबोधन नहीं किया है। उनकी तरफ से केवल लिखित संदेश जारी किए गए हैं। यही कारण है कि उनकी सक्रियता और स्वास्थ्य को लेकर लगातार अटकलें लगती रहती हैं।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 4 min read

ईरान-अमेरिका युद्ध के बीच ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर अटकलें फिर तेज हो गई है। इजरायल की कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मोजतबा खामेनेई की हालत बेहद गंभीर है और उन्हे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि इन दावों की ईरान सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
28 फरवरी 2026 को अमेरिकी हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी। अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से तेहरान स्थित उनके कंपाउंड पर ताबड़तोड़ हवाई हमले किए थे। इसमें उनका निवास बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। बाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल मीडिया के जरिए उनकी मौत की पुष्टि की थी।
खामेनेई की हालत को लेकर लगातार अटकलें
बाद में ईरान की सरकारी मीडिया ने भी उनकी शहादत की पुष्टि की थी। इस हमले में अली खामेनेई के परिवार के कुछ और सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों की मौत भी हुई थी। इस हमले के बाद से उनके बेटे मोजतबा खामेनेई के भी घायल होने की खबर फैली थी। हालांकि ईरानी मीडिया ने इस खबर को खारिज कर दिया था, लेकिन तब से लेकर अबतक उनकी सेहत को लेकर लगातार अटकलें लगती रही है।
इजरायल के एक चैनल ने ईरान के अंदर मौदूज अपने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि मोजतब खामेनई की हालत अत्यंत गंभीर है। इससे पहले जेरूसलम पोस्ट ने अपने सूत्रों के हवाले से ऐसी ही रिपोर्ट प्रकाशित की थी। रिपोर्ट में कहा गया था कि यदि जल्द ही उनके निधन की खबर आती है तो हमें कोई आश्चर्य नहीं होगा।
Advertisement
कब संभाला था सुप्रीम लीडर का पदभार
बता दें कि मोजतबा खामेनेई ने 28 फरवरी 2026 को अपने पिता की अमेरिका-इजरायल के सैन्य हमले में मौत के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर के रूप में पद संभाला था। पदभार ग्रहण करने के बाद से उन्होंने किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में लाइव संबोधन नहीं किया है। उनकी तरफ से केवल लिखित संदेश जारी किए गए हैं। यही कारण है कि उनकी सक्रियता और स्वास्थ्य को लेकर लगातार अटकलें लगती रहती हैं।
कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों में यह दावा किया गया है कि शुरुआती सैन्य हमले में मोजतबा खामेनेई घायल हो गए थे और संभवत: उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं थीं। सुरक्षा कारणों से वह लंबे समय से गुप्त स्थान पर रह रहे हैं और वरिष्ठ अधिकारियों से भी मध्यस्थों के जरिए संपर्क बनाए हुए हैं, ताकि उनका लोकेशन सार्वजनिक न हो सके।
Advertisement
ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियन ने क्या कहा था?
हाल ही में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने भी सरकारी टेलीविजन को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि सुप्रीम लीडर से सीधे संपर्क करना बहुत कठीन है। उनके इस बयान के बाद से खामेनेई की सेहत और उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर अटकलों को और हवा मिली।
इससे पहले जुलाई में एक सऊदी समाचार चैनल ने एक इजरायली सुरक्षा सूत्र के हवाले से दावा किया था कि मोजतबा खामेनेई उस समय ईरान में मौजूद नहीं थे। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि ईरान का शीर्ष नेतृत्व लगभग समाप्त हो चुका है और खामेनेई 90 फीसदी तक निष्क्रिय हो चुके हैं। हालांकि ईरान सरकार लगातार इन दावों को खारिज करती रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने पहले कहा था कि शुरुआती हमले में उन्हें केवल मामूली चोटें आईं थीं।
वहीं सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मोजतबा खामेनेई अब भी देश के रणनीतिक और प्रशासनिक निर्णयों का नेतृत्व कर रहे हैं। मोजतबा खामेनेई की कथिय गंभीर हालत और अस्पताल में भर्ती होने की खबरों की अबतक किसी एजेंसी या ईरान की सरकार ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।