अपडेटेड 9 March 2026 at 18:22 IST
ट्रंप-नेतन्याहू से हर मौत का हिसाब लेगा ईरान, सुप्रीम लीडर बनते ही मोजतबा खामेनेई ने खाई कसम, पहले बयान में बोले- तेहरान के सम्मान...
Iran के नए सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह मोजतबा खामेनेई ने अपने पहले बयान में मुश्किल वक्त में मजबूती से खड़े रहने का संदेश दिया। उन्होंने ईरान को महान और बहादुर मुल्क बताया, शहीदों के रास्ते पर आगे बढ़ने, लीडरशिप के भरोसे को पूरा करने और ईरान के सम्मान की रक्षा करने का वादा किया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

आयतुल्लाह अली खामेनेई के बेटे और ईरान के नए सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह मोजतबा खामेनेई की नियुक्ति के बाद उनका पहला बयान सामने आया है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब देश अमेरिका और इजरायल के हमलों से जूझ रहा है। मोजतबा खामेनेई ने अपने पहले बयान में मजबूती, एकता और प्रतिरोध का संदेश दिया।
मोजतबा खामेनेई ने कहा कि वर्तमान संकट के दौर में ईरान की जनता और सशस्त्र बल मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि "दुश्मन की हर साजिश और हमले के बावजूद ईरान डगमगाएगा नहीं। यह मुश्किल वक्त है, लेकिन हमारी इच्छाशक्ति और विश्वास हमें मजबूत बनाए रखेगा। हम हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं।"
"ईरान महान और बहादुर मुल्क है"
मोजतबा ने अपने संबोधन में ईरान को महान और बहादुर मुल्क करार दिया। अपने बयान में उन्होंने कहा, "ईरान एक महान और बहादुर राष्ट्र है, जिसकी जड़ें इतिहास, संस्कृति और इस्लामी क्रांति में गहरी हैं। हमारी बहादुरी और धैर्य ने हमें हर बार मजबूत बनाया है, और आज भी यही हमें आगे बढ़ाएगा।" यह बयान ऐसे समय में महत्वपूर्ण है जब देश पर लगातार हवाई हमले हो रहे हैं और क्षेत्रीय तनाव चरम पर है।
"शहीदों के रास्ते पर आगे बढ़ेंगे"
मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता सहित सभी शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि ईरान शहीदों के खून से लिखी गई क्रांति के रास्ते पर चलता रहेगा। उन्होंने कहा- "हम शहीदों के रास्ते पर आगे बढ़ेंगे। उनके बलिदान व्यर्थ नहीं जाएंगे। हम उनकी विरासत को संभालेंगे और दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देंगे।" उन्होंने इस्लामी गणराज्य की रक्षा और क्रांति की मूल भावना को बनाए रखने का वादा किया।
Advertisement
"लीडरशिप के भरोसे को पूरा करूंगा"
नए सुप्रीम लीडर ने एक्सपर्ट्स असेंबली और ईरानी जनता के भरोसे पर खरा उतरने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा, "मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसके भरोसे को मैं पूरा करूंगा। मैं ईरान की जनता, सेना और इस्लामी व्यवस्था के साथ मिलकर काम करूंगा। हमारी लीडरशिप मजबूत, न्यायपूर्ण और क्रांतिकारी होगी।"
मोजतबा खामेनेई ने स्पष्ट किया कि कोई भी ताकत ईरान की संप्रभुता, सम्मान और स्वतंत्रता पर अतिक्रमण नहीं कर सकती। उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि "ईरान के सम्मान की रक्षा करूंगा। हम किसी के आगे नहीं झुकेंगे। ईरान का सम्मान हमारी पहली प्राथमिकता है, और इसके लिए हम हर कुर्बानी देने को तैयार हैं।"
Advertisement
मोजतबा खामेनेई की नियुक्ति के बाद IRGC (इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स) और अन्य संस्थाओं ने भी उनकी निष्ठा जताई है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनकी नियुक्ति पर असहमति जताई है, लेकिन ईरान ने साफ संदेश दिया है कि वह अपनी राह खुद तय करेगा।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 9 March 2026 at 18:22 IST