रूस की मेडिकल यूनिवर्सिटी में 15 साल के लड़के ने चाकू से किया हमला, 4 भारतीय छात्र समेत कई घायल, पुलिस पर भी किया वार
Russia Medical University Knife Attack: रूस के ऊफा मेडिकल यूनिवर्सिटी से चाकूबाजी की घटना सामने आई है, जिसमें चार भारतीय छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। 15 साल के एक लड़के ने हॉस्टल में घुसकर कई लोगों पर हमला किया। भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि की है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 4 min read

Russia news: रूस के मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में चाकूबाजी की एक चौंकाने वाली खबर आ रही है। हॉस्टल में घुसकर 15 साल के एक लड़के ने कई लोगों पर चाकू से हमला किया। घटना में 4 भारतीय छात्र समेत कई लोग घायल हुए हैं। भारतीय दूतावास ने पुष्टि करते हुए घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
भारतीय छात्र समेत 8 लोग घायल
मामला बश्कोर्तोस्तान की राजधानी ऊफा में स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल का है। यहां शनिवार (7 फरवरी) विदेशी छात्रों के हॉस्टल के अंदर स्थित स्पोर्ट्स हॉल में चाकूबाजी की घटना हुई। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार वारदात में 8 लोग घायल हुए हैं, जिसमें चार भारतीय छात्र शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावर को पकड़ने की कोशिश में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
पुलिस पर भी किया हमला
गृह मंत्रालय के मुताबिक शुरुआती रिपोर्ट्स में पता चला है कि एक टीनएजर यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में चाकू लेकर घुसा और वहां रहने वाले छात्रों पर हमला कर दिया। इस दौरान उसने कई लोगों को चाकू मारकर घायल कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर तुरंत पुलिस पहुंची। हमलावर ने पुलिस के सामने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और विरोध करते हुए उन पर भी हमला किया। इतना ही नहीं संदिग्ध ने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि हमले के बाद संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। वहीं, मामले की जांच भी शुरू कर दी गई।
Advertisement
घटना पर भारतीय दूतावास ने क्या कहा?
रूस में भारतीय दूतावास ने इस घटना पर दुख जताया है। X पर एक पोस्ट कर लिखा गया, "ऊफा में हमले की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटित हुई है। चार भारतीय छात्रों सहित कई लोग घायल हो गए हैं। दूतावास अधिकारियों के संपर्क में है और काजान स्थित वाणिज्य दूतावास के अधिकारी घायल छात्रों की सहायता के लिए ऊफा रवाना हो चुके हैं।"
रूस के संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हमले में घायल हुए चार लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हमलावर की पहचान 15 साल के लड़के के तौर पर हुई है। उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत गंभीर है।
Advertisement
AIMSA ने जताई चिंता
घटना को लेकर ऑल इंडिया मेडिकल स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AIMSA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर रूस में पढ़ रहे भारतीय मेडिकल छात्रों की सुरक्षा और संरक्षण की अपील की है।
पत्र में लिखा है, "ऑल इंडिया मेडिकल स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AIMSA) की ओर से, हम रूस के बश्किर स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में चार भारतीय मेडिकल छात्रों पर हुए हालिया हिंसक हमले पर गहरी चिंता और पीड़ा व्यक्त करते हैं। ऐसी घटनाएं न केवल हमारे छात्रों के जीवन और सम्मान को खतरे में डालती हैं, बल्कि विदेशों में पढ़ रहे हजारों भारतीय मेडिकल छात्रों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल भी पैदा करती हैं। हम भारत सरकार से विनम्र निवेदन करते हैं कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ तत्काल राजनयिक कदम उठाए ताकि हमला किए गए छात्रों को न्याय मिल सके, सुरक्षा तंत्र को मजबूत किया जा सके और विदेशों में पढ़ रहे भारतीय छात्रों के लिए छात्र सहायता प्रणालियों को सुदृढ़ किया जा सके।"