Same Sex Marriage: ग्रीस में समलैंगिक विवाह हुआ वैध, पहला ईसाई देश जहां गे-लेस्बियन शादी लीगल
Same Sex Marriage in Greece: ग्रीस में समलैंगिक विवाह को मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही ग्रीस पहला ईसाई देश बन गया है, जहां सेम सेक्स मैरिज लीगल है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

Greece Same Sex Marriage Legal: ग्रीस की संसद ने 15 फरवरी, गुरुवार को समलैंगिक विवाह को वैध बनाने वाले कानून पारित कर दिया। इसके साथ ही सेम सेक्स मैरिज को मंजूरी देने वाला ग्रीस पहला ईसाई देश बन गया है। यह ग्रीस की जनता के लिए मानवाधिकारों की एक ऐतिहासिक जीत है।
ग्रीस की संसद में 300 में से 176 सांसदों ने इस कानून का समर्थन और कुल 76 ने इसका विरोध जताया। आखिरकार महीनों के बहस के बाद ग्रीस में समलैंगिक विवाह को मंजूरी दे दी गई है। आधिकारिक सरकारी गजट में प्रकाशित होने पर यह कानून बन जाएगा। देश के एलजीबीटीक्यू+ कपल के लिए ये एक बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से इस मुद्दे पर चर्चा हो रही थी, और आखिरकार ग्रीस की सरकार ने सेम सेक्स मैरिज को वैध करार दे दिया।
वहीं गे-लेस्बियन कम्युनिटी ने ग्रीक सरकार के इस फैसले का जोरशोर से स्वागत किया है। ग्रीस के प्रधानमंत्री क्यारीकोस मित्सोटाकिस ने इसे लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट भी शेयर किया है। एक्स पर उन्होंने लिखा, "यह मानवाधिकारों के लिए एक मील का पत्थर है, जो आज के ग्रीस को दर्शाता है- एक प्रगतिशील और लोकतांत्रिक देश, जो यूरोपीय मूल्यों के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।"
समलैंगिक पैरेंट्स ग्रुप रेनबो फैमिलीज की प्रमुख स्टेला बेलिया ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक क्षण है। यह खुशी का दिन है। बता दें, ग्रीस पीएम क्यारीकोस मित्सोटाकिस की केंद्र-दक्षिणपंथी न्यू डेमोक्रेसी पार्टी के सदस्यों ने विधेयक में भाग नहीं लिया या उसके खिलाफ मतदान किया। खैर तनावपूर्ण बहस के बाद ग्रीस की वामपंथी विपक्ष से भी इस विधेयक को पर्याप्त समर्थन प्राप्त हुआ।