अपडेटेड 21 November 2025 at 23:37 IST

चेहरे पर गर्व और होंठों पर मुस्कुराहट... तेजस में उड़ान भरने से पहले Wing Commander Namansh Syal का आखिरी वीडियो

Last Video of Naman Syal : दुबई एयर शो में हुए विमान हादसे पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दुख जताया है। उन्होंने X पर लिखा, "दुबई एयर शो में हुए तेजस विमान हादसे में देश ने एक बहादुर, कर्तव्यनिष्ठ और साहसी पायलट खो दिया।"

Dubai Air Show, Last Video of Wing Commander Namansh Syal: शुक्रवार को दुबई एयर शो में भारतीय वायुसेना का तेजस लड़ाकू विमान क्रैश हो गया। पलक झपकते ही यह फाइटर जेट आसमान से सीधे धरती पर गिरते ही आग का बड़ा गोला बन गया। इस दर्दनाक हादसे में भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर पायलट नमन स्याल (नमांश स्याल- Wing Commander Namansh Syal) का दुखद निधन हो गया।
तेजस दुर्घटना में नमन स्याल के निधन ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस बीच नमन का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो को दुबई में एयर शो कार्यक्रम के दौरान का बताया जा रहा है। इसमें नमन अपने अन्य साथियों और वायुसेना के अधिकारियों के साथ मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं।

साथियों के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाते दिखे नमन

विंग कमांडर नमन स्याल का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसकी काफी चर्चा भी की जा रही है। यह वीडियो दुबई एयर शो का बताया जा रहा है। इनमें नमन कितने खुश हैं, आप खुद वीडियो में देख कर इसका अंदाजा लगा सकते हैं। दुबई एयर शो में भारत की ओर से जाना और वहां पर अपनी वायुसेना का अदम्य साहस, करतब को दिखाने के लिए खुश होना, ये चीजें नमन के चेहरे पर साफ देखी जा सकती हैं। वीडियो में वे काफी खुश नजर आ रहे हैं।

इसमें आप देख सकते हैं कि वे अपने अन्य साथियों और अधिकारियों के साथ हाथ मिलाते हुए, मुस्कुराते हुए दिख रहे हैं। वीडियो के अंत में विंग कमांडर नमन स्याल अपने सभी अधिकारियों और साथियों के साथ ग्रुप फोटो भी लेते हुए दिखे हैं। यह फोटो इसलिए भी ले रहे होंगे कि इस शो के बाद घर जाने पर दुबई के इस यादगार पल को घर में संभाल कर रखा जा सके। लेकिन नियति की क्या ही कहें, इस शो में तेजस विमान में उड़ान भरकर आसमान में करतब दिखाने के दौरान लड़ाकू विमान क्रैश हो जाता है और विंग कमांडर नमन स्याल की दर्दनाक मौत हो जाती है। घटना के कुछ समय पहले का यह वीडियो काफी भावनात्मक हो गया है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। 

 चंद सेकेंड में खोया नियंत्रण 

मिली जानकारी के अनुसार, आज भारत के इस तेजस लड़ाकू विमान के साथ हादसा दुबई में एयर शो के दौरान करीब 2 बजकर 10 मिनट पर हुआ। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे चंद सेकेंड में तेजस विमान अपना नियंत्रण खोते हुए आसमान से सीधे जमीन पर गिर जाता है। धरती पर गिरते ही इस विमान में आग लग जाती है और देखते ही देखते यह एक बड़े आग के गोले में बदल जाता है। यह आग का गोला कई किलोमीटर दूर से भी देखा गया।

Advertisement

कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी का गठन

भारतीय वायुसेना ने बताया कि आज दुबई एयर शो में हवाई प्रदर्शन (एयर शो) के दौरान भारतीय वायुसेना का एक तेजस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में पायलट की जान जाने की भी बात कही गई है। भारतीय वायुसेना ने इस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है और कहा है कि इस दुःख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की जा रही है।

पूरा देश पीड़ित परिवार के साथ- रक्षा मंत्री 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर ट्वीट कर लिखा, "दुबई एयर शो में हवाई प्रदर्शन के दौरान एक बहादुर और साहसी भारतीय वायुसेना पायलट के निधन से गहरा दुःख हुआ है। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। इस दुखद घड़ी में पूरा देश उनके परिवार के साथ खड़ा है।"

Advertisement

देश ने एक बहादुर पायलट खो दिया- सीएम सुक्खू 

35 वर्षीय नमन स्याल हिमाचल प्रदेश के रहने वाले थे। वे कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां उपमंडल के पटियालकड़ गांव के रहने वाले थे। हादसे में उनके निधन पर प्रदेश के सीएम ने गहरा शोक प्रकट किया है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ट्वीट करते हुए लिखा, "दुबई एयर शो में हुए तेजस विमान हादसे में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के वीर सपूत नमन स्याल जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। देश ने एक बहादुर, कर्तव्यनिष्ठ और साहसी पायलट खो दिया है। शोकाकुल परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। वीर सपूत नमन स्याल जी की अदम्य वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को हृदय से नमन।"

ये भी पढ़ें - Tejas Fighter Jet Crash Pilot Death: एयर शो के दौरान तेजस फाइटर जेट क्रैश में पायलट की मौत, दुबई से भारत के लिए बुरी खबर

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 21 November 2025 at 23:37 IST