अपडेटेड 14 May 2025 at 09:45 IST
Canada: कनाडा की नई विदेश मंत्री अनीता आनंद का भारत से क्या है कनेक्शन? गीता पर हाथ रख ली शपथ
कनाडा की नई विदेश मंत्री भारतीय मूल की अनीता आनंद इससे पहले रक्षा मंत्री रह चुकी हैं और कई अन्य महत्वपूर्ण विभागों को भी संभाल चुकीं हैं।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कॉर्नी ने अपने मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल करते हुए अनीता आनंद को कनाडा का नया विदेश मंत्री नियुक्त किया गया है। उन्होंने मलैनी जोली की जगह ली है, जो अब उद्योग मंत्रालय का जिम्मा संभालेंगी। भारतीय मूल की अनीता आनंद कनाडा की विदेश मंत्री के रूप में नियुक्त होने वाली पहली हिंदू महिला हैं। उन्होंने पवित्र हिंदू धर्मग्रंथ भगवद गीता पर हाथ रखकर पद की शपथ ली।
कनाडा की नई विदेश मंत्री अनीता आनंद इससे पहले रक्षा मंत्री रह चुकी हैं और कई अन्य महत्वपूर्ण विभागों को भी संभाल चुकीं हैं। उनकी नियुक्ति सरकार में उच्च-स्तरीय भूमिकाएं संभालने वाले भारतीय मूल के कनाडाई लोगों की निरंतर प्रवृत्ति को दर्शाती है। वहीं,अनीता की नियुक्ति पर PM मार्क कार्नी ने कहा कि कनाडा-अमेरिका के तनावपूर्ण संबंधों के बीच मंत्रिमंडल का चयन कनाडाई लोगों की इच्छा और जरूरत के अनुसार बदलाव लाने के लिए किया गया है।
अनीता आनंद का भारत से गहरा संबंध
कनाडा की नई विदेश मंत्री अनीता आनंद का भारत से गहरा संबंध हैं। आनंद का जन्म कनाडा में भारतीय मूल के माता-पिता के घर हुआ था। उनकी मां सरोज डी राम पंजाब से थीं और उनके पिता एसवी आनंद तमिलनाडु से थे। दोनों इंडियन फिजिशियन थे और बाद में कनाडा में बस गए थे। अनीता के दादा भारत के स्वतंत्रता सेनानी थे। अनीता आनंद की दो बहनें हैं- गीता आनंद जो कि टोरंटो में एक वकील हैं और सोनिया आनंद, मैकमास्टर यूनिवर्सिटी में एक फिजिशियन और रिसर्चर हैं।
गीता पर हाथ रख ली पद की शपथ
अनीता आनंद भले ही कनाडा में जन्में हो मगर उनका भारत के प्यार हमेशा से ही दिखा है। मंगलवार को एक बार फिर उन्होंने भगवद गीता पर हाथ रखकर पद की शपथ ली। इससे पहले भी जब उन्होंने रक्षा मंत्रालय का जिम्मा संभाला था तो भी गीता पर हाथ रखकर ही शपथ ली थी। अनीता 2015 में एक कॉर्पोरेट वकील के रूप में अपना करियर शुरू करते हुए ओंटारियो सरकार की एक विशेषज्ञ समिति का हिस्सा बनीं। अनीता आनंद के पास चार डिग्रियां हैं: क्वीन्स यूनिवर्सिटी से राजनीतिक अध्ययन में बीए (स्वर्ण पदक विजेता, 1989), ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से न्यायशास्त्र में बीए, डलहौजी विश्वविद्यालय से कानून में स्नातक और टोरंटो विश्वविद्यालय से कानून में स्नातकोत्तर।
Advertisement
भारत-कनाडा के रिश्ते में आएगा सुधार?
58 वर्षीय अनीता आनंद ने कनाडाई वकील और व्यावसायिक कार्यकारी जॉन नॉल्टन से शादी की है। बता दें कि मार्क कार्नी ने इस साल की शुरुआत में जस्टिन ट्रूडो से लिबरल पार्टी का नेतृत्व संभाला और पिछले महीने हुए राष्ट्रीय चुनाव में पार्टी को जीत दिलाई। उनके नए मंत्रिमंडल में आधी सदस्य महिलाएं हैं। अब उम्मीद की जा रही है कि भारत और कनाडा के रिश्तों में जारी खटास को दूर करने में अनीता की भूमिका अहम होगी।
Advertisement
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 14 May 2025 at 09:45 IST