बांग्लादेशी नेता की भड़काने वाली हरकत, पत्नी की भारतीय साड़ी जलाई, कहा- एक वक्त खा लेंगे, लेकिन...
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के नेता रूहुल कबीर रिजवी ने अपनी पत्नी की भारतीय साड़ी को जला दिया। रिजवी ने भारतीय प्रोडक्ट्स के बॉयकॉट की अपील की है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

Bangladesh indian boycott: बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर अत्याचार बढ़ता जा रहा है। अल्पसंख्यकों के साथ दुर्व्यवहार की लगातार खबरें सामने आ रहे हैं। हिंदुओं के साथ अब बांग्लादेशी नेताओं ने भारतीय प्रोडक्ट्स का बॉयकॉट भी शुरू कर दिया है।
गुरुवार को ढाका में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के वरिष्ठ संयुक्त महासचिव रूहुल कबीर रिजवी ने अपनी पत्नी की भारतीय साड़ी को जला दिया। रूहुल कबीर रिजवी ने अपनी पत्नी की साड़ी जलाकर भारतीय प्रोडक्ट्स का विरोध करने का संदेश दिया। रिजवी ने साड़ी जलाने के साथ ही अपने कार्यकर्ताओं से भारतीय प्रोडक्ट्स के बॉयकॉट की अपील की है। बांग्लादेशी राजनेता रुहुल कबीर रिजवी ने बांग्लादेश के झंडे के प्रति दिखाए गए अनादर के विरोध में अपनी पत्नी की भारतीय साड़ी जलाई।
भारतीय प्रोडक्ट्स के बॉयकॉट की अपील
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीएनपी नेता रिजवी ने सार्वजनिक तौर पर लोगों से कहा कि वह भारत से आने वाले किसी भी सामान को ना खरीदें। जिन लोगों ने हमारे राष्ट्रीय ध्वज को फाड़ा और अपमान किया हम उनका सामान नहीं लेंगे। रिजवी ने त्रिपुरा में बांग्लादेश के सहायक उच्चायोग में कथित रूप से की गई तोड़फोड़ और बांग्लादेशी झंडे के अपमान की निंदा करते हुए यह कदम उठाया है।
'भारतीय साबुन और टूथपेस्ट भी ना खरीदें'
रिजवी ने लोगों को भड़काते हुए कहा कि हम अपनी जरूरत के सभी सामान का उत्पादन कर सकते हैं। इसलिए हमें भारतीय प्रोडक्ट्स को छोड़कर अपनी अर्थव्यवस्था में निवेश करना चाहिए। हमारी माता-बहनें अब भारतीय साड़ी नहीं पहनेंगी और न ही हम भारत से आने वाले साबुन या टूथपेस्ट का प्रयोग करेंगे। रिजवी ने कहा कि हम किसी के सामने नहीं झुकेंगे, भले ही हम दिन में एक ही बार खाना खाए, लेकिन आत्मनिर्भर रहेंगे।
Advertisement
आपको बतादें कि बीएनपी नेता रुहुल कबीर रिजवी ने मार्च में भी भारतीय प्रोडक्ट्स के बॉयकॉट का ऐलान किया था। उन्होंने भारतीय उत्पादों के बहिष्कार का आह्वान करते हुए अपना भारतीय शॉल फेंक दिया था और पूरे बांग्लादेश में भारतीय उत्पादों के बहिष्कार की घोषणा की थी।
ये भी पढ़ें: 'मैं देवेंद्र सरिता गंगाधरराव फडणवीस...', सत्ता में लौट आया 'आधुनिक अभिमन्यू', देखें अनदेखी तस्वीरें