भारतीय पासपोर्ट सरेंडर करने के बाद ललित मोदी को लगा तगड़ा झटका, जहां की ली थी नागरिकता; 'कारनामे' जान PM ने दे दिया बड़ा आदेश
लंदन के भारतीय उच्चायोग में भारतीय पासपोर्ट सरेंडर करने के लिए आवेदन दिया था और इसके बाद वानुअतु की नागरिकता ली थी।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

Lalit Modi News: भगोड़े कारोबारी ललित मोदी को तगड़ा झटका है। इसके बाद अब वह घर के रहेंगे न घाट के। दरअसल, भारत के शिकंजे से बचने के लिए ललित मोदी ने वानुअतु की नागरिकता ले ली थी। अब वानुअतु के PM ने उनकी नागरिकता को रद्द करने का आदेश दे दिया है। उनका कहना है कि वह पहले ललित मोदी के कारनामों के बारे में जानते नहीं थे।
साल 2010 में ललित मोदी भारत छोड़ लंदन में जा बसे थे। हाल ही में उन्होंने लंदन के भारतीय उच्चायोग में भारतीय पासपोर्ट सरेंडर करने के लिए आवेदन दिया था, जिसकी विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की थी।
क्यों वानुअतु के PM ने दिया पासपोर्ट रद्द करने का आदेश?
भारतीय पासपोर्ट सरेंडर करने का आवेदन करने के साथ ही ललित मोदी ने दक्षिण प्रशांत द्वीप देश वानुआतु की नागरिकता हासिल कर ली थी। उन्हें वहां गोल्डन पासपोर्ट भी मिल गया था। हालांकि अब वानुआतु के प्रधानमंत्री ने अब ललित मोदी को बड़ा झटका दे दिया। प्रधानमंत्री जोथम नापत ने नागरिकता आयोग से कहा है कि ललित मोदी का पासपोर्ट तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए। उन्होंने कहा कि मुझे पिछले 24 घंटे में जानकारी मिली कि इंटरपोल ने ललित मोदी को लेकर भारत सरकार की तरफ से भेजे गए अलर्ट नोटिस को न्यायिक साक्ष्य के अभाव में दो बार खारिज किया।
उन्होंने कहा कि वनुआतु का पासपोर्ट रखना एक विशेषाधिकार है न कि कोई अधिकार। ऐसे में वैध कारणों से ही याचिकाकर्ताओं को नागरिकता लेनी चाहिए।
Advertisement
भारतीय पासपोर्ट सरेंडर करने के लिए ललित मोदी ने किया था आवेदन
इससे पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पुष्टि की थी कि ललित मोदी ने भारतीय पासपोर्ट छोड़ने के लिए आवेदन किया था। उन्होंने यह भी कहा था कि हमें पता चला है कि उनके पास वानुअतु की नागरिकता है। हम उनके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई जारी रखेंगे।
जान लें कि वानुअतु प्रशांत महासागर में स्थित एक द्वीप देश है। यह ऑस्ट्रेलिया के उत्तर-पूर्व में स्थित है और इसकी राजधानी पोर्ट विला है। वानुअतु की जनसंख्या लगभग केवल 3 लाख के आसपास ही है। लगभग 1.3 करोड़ रुपये ही खर्च करके वहां का पासपोर्ट लिया जा सकता है। वानुआतु का पासपोर्ट 113 देशों में बिना वीजा के एंट्री की इजाजत देता है।