अमेरिका के हमले की आशंका के बीच ईरानियों के बजने लगे फोन, सीक्रेट मैसेज में ट्रंप का नाम लेकर क्यों लिखा- Wait & See?
Iran-US Tensions: ईरान और अमेरिका में बढ़ते तनाव के बीच अनजान नंबर से आए मैसेज ने ईरान में हलचल पैदा कर दी है। इस सीक्रेट मैसेज में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को एक्शन लेने वाला व्यक्ति बताया है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

Iran-US news: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। ट्रंप की कार्रवाई की आशंका के बीच मध्य पूर्व के साथ पूरी दुनिया में डर का माहौल बना हुआ है। इस बीच अचानक ईरानियों के फोन बजे और इस पर अनजान नंबरों से मैसेज आने के बाद उथल-पुथल मच गई है। इस सीक्रेट मैसेज में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को एक्शन लेने वाला व्यक्ति बताया है। साथ ही ईरानियों को चेतावनी दी गई है कि वो इंतजार करें और देखें।
फारसी भाषा में भेजा गया मैसेज
ईरान इंटरनेशनल न्यूज एजेंसी ने सरकारी मीडिया के हवाले से बताया कि देश भर में हजारों लोगों को फारसी भाषा में यह मैसेज मिला है। इसमें लिखा था, “अमेरिकी राष्ट्रपति एक्शन लेने वाले इंसान हैं। इंतजार करो और देखो।”
‘…तो बहुत बुरा दिन होगा’
ईरानियों के फोन पर यह मैसेज किसने भेजे, इसकी कोई जानकारी अब तक नहीं मिली है। यह ऐसे समय में हुआ है, जब ट्रंप बार-बार ईरान को धमकियां दे रहे हैं। परमाणु डील को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति ने खुली चेतावनी दी है। उन्होंने एक पोस्ट में कहा कि अगर डील नहीं होती है तो यह उस देश और उसके लोगों के लिए बहुत बुरा दिन होगा।
पोस्ट में ट्रंप ने उन रिपोर्टों को भी खारिज किया, जिनमें कहा गया कि अमेरिकी सेना के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैनियल केन ईरान के साथ युद्ध नहीं चाहते हैं और वे इसके खिलाफ हैं। उन्होंने इन खबरों को फेक न्यूज बताते हुए कहा कि जनरल केन हम सब की तरह युद्ध नहीं देखना चाहेंगे, लेकिन अगर ईरान के खिलाफ मिलिट्री लेवल पर जाने का फैसला किया जाता है, तो उनकी राय है कि यह आसानी से जीता जा सकेगा। वह ईरान को अच्छी तरह जानते हैं क्योंकि वह मिडनाइट हैमर, ईरानी न्यूक्लियर डेवलपमेंट पर हमले के इंचार्ज थे।
Advertisement
ईरान में फिर शुरू हुए प्रदर्शन
अमेरिका संग बढ़ते तनाव के बीच ईरान में हालात अचानक बदलने लगे हैं। एक बार फिर सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के खिलाफ छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। तेहरान समेत ईरान के अलग-अलग पांच विश्वविद्यालय में प्रदर्शन शुरू हुए हैं।
यह भी पढ़ें: 'मेरे साथ गेम मत खेलो', ट्रंप ने किन देशों को दी जुर्माना लगाने की चेतावनी, बोले- इतना ज्यादा टैरिफ लगाऊंगा…