अपडेटेड 15 March 2026 at 09:33 IST
Air India Flights Cancelled: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच Air India की दुबई-अबू धाबी की कई फ्लाइट्स रद्द, यहां जानें पूरी डिटेल
एयर इंडिया ने यूएई एयरपोर्ट अथॉरिटी के निर्देशों के बाद 15 मार्च को दुबई और अबू धाबी के लिए अपनी अधिकांश उड़ानों में भारी कटौती की है। आईए जानते है क्यों और कहां-कहां की फ्लाइट्स हुई रद्द
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है। ईरान के साथ इजरायल-अमेरिका के जारी संघर्ष का असर पूरे मिडिल ईस्ट में देखने को मिल रहा है। संकट के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) एयरपोर्ट अधिकारियों के निर्देशों के बाद एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें बड़े स्तर पर प्रभावित हुई हैं। Air India की दुबई और अबू धाबी की कई फ्लाइट्स आज के लिए रद्द कर दी गई है। आईए जानते है क्यों और कहां-कहां की फ्लाइट्स हुई रद्द, हर डिटेल...
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने यूएई एयरपोर्ट अथॉरिटी के निर्देशों के बाद 15 मार्च 2026 को दुबई और अबू धाबी के लिए अपनी अधिकांश उड़ानों में भारी कटौती की है। एयरलाइंस ने आधिकारिक बयान में कहा है कि यूएई हवाई अड्डा अधिकारियों के नवीनतम निर्देशों का पालन करते हुए आज, 15 मार्च के लिए एड-हॉक (अस्थायी) संचालन में काफी कमी लानी पड़ी है।
एयर इंडिया की कई फ्लाइट्स आज रद्द
नए निर्देश के अनुसार, अधिकांश निर्धारित उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जबकि केवल सीमित संख्या में ही उड़ानें संचालित हो पा रही हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फ्लाइट का स्टेटस एयर इंडिया की वेबसाइट या ऐप पर तुरंत जांच लें।
- एयर इंडिया: दिल्ली-दुबई की एक वापसी उड़ान संचालित कर रही है; दुबई के लिए नियोजित पांच में से चार उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
- एयर इंडिया एक्सप्रेस: दिल्ली-दुबई की एक वापसी उड़ान संचालित कर रही है; दुबई के लिए छह में से पांच उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
- अबू धाबी: एयर इंडिया एक्सप्रेस की सभी पांच उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
- शारजाह: एयर इंडिया एक्सप्रेस दिल्ली, कन्नूर, कोच्चि, कोझिकोड, मुंबई और तिरुवनंतपुरम के लिए उड़ानें संचालित करने की योजना बना रही है।
- रास अल खैमाह: एयर इंडिया एक्सप्रेस रास अल खैमाह-कोझिकोड और रास अल खैमाह-कोच्चि उड़ानें संचालित करेगी।
- ये उड़ानें स्लॉट की उपलब्धता और उड़ान के समय मौजूदा परिस्थितियों के अधीन संचालित की जाएंगी।
इस वजह से लिया गया फैसला
हवाई अड्डा अधिकारियों के ताजा निर्देशों के मुताबिक, यह फैसला स्लॉट की कमी और एड-हॉक संचालन (Ad-hoc operations) पर लगे प्रतिबंधों के कारण लिया गया है। ये सभी उड़ानें स्लॉट की उपलब्धता, मौजूदा परिस्थितियों और एयरपोर्ट अथॉरिटी के निर्देशों के अधीन संचालित की जा रही हैं। एयरलाइंस ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले फ्लाइट स्टेटस की पुष्टि जरूर करें और वैकल्पिक व्यवस्था के लिए तैयार रहें। प्रभावित यात्रियों को रिफंड या रीबुकिंग के विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
Advertisement
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 15 March 2026 at 09:33 IST