अपडेटेड 11 May 2024 at 12:16 IST
अफगानिस्तान में बाढ़ और बारिश ने मचाई भारी तबाही, अबतक 50 लोगों की मौत; बढ़ सकता है आंकड़ा
अफगानिस्तान में बाढ़ और बारिश से भारी तबाही मची हुई है। उत्तरी अफगानिस्तान में बाढ़ में अबतक 50 लोगों की मौत हो गई है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

अफगानिस्तान में बाढ़ और बारिश से भारी तबाही मची हुई है। उत्तरी अफगानिस्तान में बाढ़ में अबतक 50 लोगों की मौत हो गई है। बता दें, अफगानिस्तान के बघलान में भारी बारिश के बाद अचानक से बाढ़ आ गई, जिसमें शुक्रवार को कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई। तालिबान के अधिकारी की ओर से यह जानकारी दी गई है।
बघलान में प्राकृतिक आपदा प्रबंधन के प्रांतीय निदेशक इदायतुल्ला हमदर्द ने बताया कि बाढ़ से घरों और संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि बाढ़ आने के बाद से अनेक लोग लापता हैं इससे मृतक संख्या बढ़ने की आशंका है। प्राकृतिक आपदा प्रबंधन मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल्ला जानान सैक ने कहा कि बाढ़ का असर राजधानी काबुल पर भी पड़ा है।
अधिकारी ने बताया कि बचाव टीम भोजन और अन्य सहायता भी पहुंचा रही हैं। सैक ने कहा कि अधिकारियों का पूरा ध्यान बचाव अभियान पर है और वह हताहतों की संख्या तथा बाढ़ से हुए नुकसान के बारे में बाद में सटीक जानकारी दे पाएंगे। इससे पहले भी अफगानिस्तान में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी। कई लोग मारे गए। इतना ही नहीं इमारतों के साथ-साथ मवेशियों का भी भारी नुकसान हुआ था।
अप्रैल में हुई थी 70 लोगों की मौत
इससे पहले अप्रैल में, देश में भारी बारिश और बाढ़ से कम से कम 70 लोगों की मौत हो गई। पिछले महीने लगभग 2,000 घर, तीन मस्जिदें और चार स्कूल बाढ़ और बारिश की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। हजारों लोगों को मानवीय सहायता की आवश्यकता है। प्राकृतिक आपदा प्रबंधन मंत्रालय के प्रवक्ता सैक के अनुसार, बाढ़ ने खेती वाले जमीन को भी नुकसान पहुंचाया और 2,500 जानवर बाढ़ में मर गए।
Advertisement
(इनपुट भाषा)
इसे भी पढ़ें: 'सियासत अकबर ओवैसी के घर की...', नवनीत राणा के बयान पर दिखी AIMIM चीफ के भाई की बौखलाहट
Advertisement
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 11 May 2024 at 10:05 IST