लंदन की सड़कों पर लगे 'PoK की आजादी' के नारे, JAAC ने पाकिस्तान को ललकारा- जितना चाहो आजमा लो, 9 जुलाई के बाद...
लंदन की सड़कों पर हजारों कश्मीरियों ने PoK की आजादी के नारे बुलंद किए। वहीं, JAAC ने पाकिस्तानी सरकार को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि उनके दमन के दिन अब गिने-चुने रह गए हैं। आंदोलनकारियों ने साफ कर दिया है कि 9 जुलाई के बाद स्थिति पूरी तरह बदलने वाली है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Protest in London: पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में बड़े स्तर पर हो रहे विरोध प्रदर्शन ने पाकिस्तानी हुक्मरानों की नीदें उड़ाकर रख दी हैं। ये प्रदर्शन अब केवल पाकिस्तान तक ही सीमित नहीं रहे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लोगों का आक्रोश फूट पड़ा है। ब्रिटेन की राजधानी लंदन में PoK के प्रवासियों और प्रदर्शनकारियों ने एक विशाल 'मिलियन मार्च' निकाला, जिसमें पाकिस्तानी सरकार और उसकी सेना के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
लंदन की सड़कों पर उतरे हजारों कश्मीरी
हजारों कश्मीरियों ने सड़कों पर उतरकर 'लंदन कश्मीर मिलियन मार्च' में हिस्सा लिया। उन्होंने पार्लियामेंट स्क्वायर से पाकिस्तानी हाई कमीशन तक मार्च किया। प्रदर्शनकारियों ने PoK आजादी के समर्थन में नारे लगाए। साथ ही 'जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी' (JAAC) के प्रमुख शौकत नवाज मीर और अन्य राजनीतिक नेताओं की गिरफ्तारी की भी निंदा की गई।
PoK में बड़े स्तर पर हुए प्रदर्शन
5 जुलाई को पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन हुए। पाकिस्तानी हुकूमत और वहां के सुरक्षा बलों की दमनकारी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर मीरपुर और पुंछ डिवीजन सहित पूरे क्षेत्र में लोग सड़कों पर उतर आए। JAAC अपने गिरफ्तार नेताओं और कार्यकर्ताओं की तुरंत रिहाई की मांग कर रहा है। इसके अलावा, क्षेत्र में बुनियादी खाद्य पदार्थों और जरूरी दवाओं की भारी किल्लत हो गई है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रशासन ने आंदोलन को दबाने के लिए जानबूझकर राशन और दवाइयों की सप्लाई चेन को ब्लॉक कर दिया है।
'9 जुलाई के बाद स्थिति पूरी तरह बदलने वाली है'
JAAC ने पाकिस्तान सरकार को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि उनके दमन के दिन अब गिने-चुने रह गए हैं। आंदोलनकारियों ने साफ कर दिया है कि 9 जुलाई के बाद स्थिति पूरी तरह बदलने वाली है। JAAC नेतृत्व ने पाकिस्तानी सुरक्षाबलों को 'आतंकवादी' कहा।
Advertisement
एक बयान जारी कर कहा गया है कि शायद 9 जुलाई के बाद आपके पास एक दिन भी न बचे। उस घोषणा की तैयारी शुरू हो रही है। मेरी पूंछ के लोगों, मीरपुर डिवीजन के लोगों से अपील है कि जिस तरह आपने तमाम बाधाओं को पार करते हुए पूंछ की सीमाओं तक लंबा मार्च निकाला, उसी तरह यहां से जो भी अगली कार्रवाई की घोषणा हो, तैयार रहें। एक बार फिर आपको पूंछ की ओर बढ़ना होगा।
JAAC ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि तुम्हारी बंदूकों की गोलियां खत्म हो जाएंगी, लेकिन हमारा हौसला नहीं टूटेगा। जितना चाहो, हमें आजमाओ। जाओ, गोलियां बरसाओ। तुम्हारी गोलियां, तुम्हारी गिरफ्तारियां और तुम्हारे बम हमें डरा नहीं सकते।