फिलीपींस दौरे पर PM मोदी... खालसा दीवान गुरुद्वारा के पुनर्विकास कार्यों की शुरूआत, शिलान्यास समारोह में लिया हिस्सा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला स्थित ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे के पुनर्विकास कार्यों के शिलान्यास समारोह में शिरकत की। एक सदी से भी अधिक पुराना यह गुरुद्वारा फिलीपींस में सिख समुदाय की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का एक प्रमुख केंद्र है।

फिलीपींस दौरे पर PM मोदी... खालसा दीवान गुरुद्वारा के पुनर्विकास कार्यों की शुरूआत, शिलान्यास समारोह में लिया हिस्सा
फिलीपींस दौरे पर PM मोदी... खालसा दीवान गुरुद्वारा के पुनर्विकास कार्यों की शुरूआत, शिलान्यास समारोह में लिया हिस्सा | Image: X

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्तमान में फिलीपींस की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर राजधानी मनीला में हैं। इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान प्रधानमंत्री जहां एक ओर क्षेत्रीय कूटनीति और वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर भारतीय प्रवासी समुदाय की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से भी जुड़ रहे हैं।

ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे में कार सेवा और शिलान्यास

यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मनीला स्थित ऐतिहासिक 'गुरुद्वारा खालसा दीवान' के पुनर्विकास कार्यों के शिलान्यास समारोह में हिस्सा लिया और वहां कार सेवा भी की। लगभग एक सदी पुराने इस गुरुद्वारे का निर्माण वर्ष 1929 में भारत से मनीला जाकर बसे पंजाबी समुदाय के लोगों द्वारा किया गया था। अब इस ऐतिहासिक धरोहर का बड़े स्तर पर जीर्णोद्धार किया जा रहा है।

इस अवसर को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए लिखा था कि 17 नवंबर एक बेहद खास दिन है और उन्हें एक सदी से भी अधिक पुराने इस आध्यात्मिक केंद्र के पुनर्विकास समारोह में शामिल होने का सौभाग्य मिल रहा है। उन्होंने सिख समुदाय के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि गुरु साहिबानों की शिक्षाओं से प्रेरित होकर सिख समुदाय ने पूरी दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई है और वे मानवता की सेवा में सदैव अग्रणी रहे हैं।

आसियन-भारत और ईस्ट एशिया समिट में भारत की भागीदारी

कूटनीतिक मोर्चे पर प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को मनीला में आयोजित हो रहे 23वें आसियन-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईस्ट एशिया समिट) में शिरकत कर रहे हैं। इन सम्मेलनों का उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता, व्यापार और आपसी सहयोग को नई गति देना है। इसके अतिरिक्त, दोपहर में प्रधानमंत्री मोदी और फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के बीच एक अहम द्विपक्षीय वार्ता भी निर्धारित है, जिसमें दोनों देशों के आपसी संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने पर चर्चा होगी।

Advertisement

क्या है ASEAN और इसका महत्व?

दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन यानी ASEAN की स्थापना वर्ष 1967 में की गई थी। वर्तमान में इस प्रभावशाली क्षेत्रीय संगठन में कुल 11 सदस्य देश शामिल हैं, जिनमें ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते और वियतनाम के नाम हैं। भारत के साथ-साथ अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया जैसे प्रमुख वैश्विक देश इसके संवाद साझेदार (डायलॉग पार्टनर) हैं। भारत की 'एक्ट ईस्ट नीति' के केंद्र में होने के कारण आसियान शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी की यह उपस्थिति अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

ये भी पढ़ें - रुद्रप्रयाग में भीषण सड़क हादसा... बारात से लौट रही बोलेरो खाई में गिरी, 4 की मौत, 6 घायल

Advertisement
Published By:
 Aarya Pandey
पब्लिश्ड