'हमलावर को-पायलट कह रहा था- मुझे मार दो, उसे इस्लामिक कट्टरपंथ की शिक्षा दी गई थी, ये प्लेन क्रैश की...', PM नेतन्याहू का बड़ा दावा
Flydubai Cockpit Attack: गुरुवार को इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला करने वाले को-पायलट को कट्टरपंथी इस्लाम की शिक्षा दी गई थी और उसका मकसद प्लेन क्रैश करना था।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Flydubai Cockpit Attack: फ्लाईदुबई फ्लाइट के कॉकपिट में भारतीय पायलट स्मित मच्छार पर हमले और उनकी बहादुरी के बाद गुरुवार को इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा की है कि बुधवार को फ्लाईदुबई की उड़ान में कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला करने वाले को-पायलट को कट्टरपंथी इस्लामी विचारधारा की शिक्षा दी गई थी और उसका इरादा प्लेन क्रैश करना था।
बता दें कि कॉकपिट में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित मच्छार ने अपनी जान बचाने की कोशिश करते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिससे क्रू और यात्री बीच-बचाव कर सके, हमलावर से हथियार छीन सके और विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार सके, जिससे विमान में सवार करीब 180 लोगों की जान बच गई।
को-पायलट को कट्टरपंथी इस्लाम की शिक्षा दी गई थी-नेतन्याहू
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार गुरुवार को इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने फॉक्स न्यूज़ से बात करते हुए कहा कि को-पायलट से अभी पूछताछ की जा रही है। इजराइली जांचकर्ता भी इस पूछताछ में शामिल हो गए हैं।
नेतन्याहू ने कहा, "हमलावर, यानी कैप्टन पर हमला करने वाले को-पायलट से अब पूछताछ की जा रही है। अब तक हमें जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक उसे कट्टरपंथी इस्लामी विचारधारा की शिक्षा दी गई थी।" उन्होंने आगे बताया कि आगे बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि को-पायलट आत्महत्या करना चाहता था और प्लेन को क्रैश करने की कोशिश कर रहा था।
Advertisement
मुझे मार डालो, मुझे मार डालो' बोल रहा रहा था
नेतान्याहू ने आगे बताया कि "उसके हाथ बांधने के लिए ईयरफोन की तारों का इस्तेमाल करना पड़ा और फिर प्लास्टिक कफ का इस्तेमाल किया गया। वह ज़मीन पर पड़ा था और क्रू से कह रहा था 'मुझे मार डालो, मुझे मार डालो'। तो, यह साफ है कि वह आत्महत्या करना चाहता था और प्लेन को नीचे गिराने वाला था।"
स्मित पर हमले की होगी कानूनी जांच-UAE
वहीं, गुरुवार को संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्रालय (MoFA) ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि न्यायिक अधिकारियों ने दुबई से तेल अवीव जाने वाली फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में हवा में हुई घटना की व्यापक जांच शुरू कर दी है। MoFA के आधिकारिक बयान के अनुसार, UAE के अटॉर्नी-जनरल काउंसलर डॉ. हमद अल शम्सी ने इस गड़बड़ी के सटीक कारणों और मकसद की जांच के लिए पब्लिक प्रॉसिक्यूशन की एक विशेष टीम बनाने का निर्देश दिया है।
Advertisement
स्मित मच्छार ने 9/11 जैसे एक और क्रैश को रोक दिया
इससे पहले इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था कि "मुझे लगता है कि जो हुआ वह बहादुरी का एक ज़बरदस्त काम था, जिसने पूरे प्लेन के 9/11 जैसे एक और क्रैश को रोक दिया।" वहीं, स्मित को भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनकी बहादुरी को सलाम किया है।