Pakistan Lockdown: रात 8 बजे से लगेगा लॉकडाउन... होर्मुज संकट ने पाकिस्तान की कर दी बत्ती गुल, शांति वार्ता के लिए बन रहा था 'चौधरी'

Strait of Hormuz में जहाजों की आवाजाही रुकने से पाकिस्तान में ईंधन संकट गहरा गया है। सरकार ने ईंधन खपत कम करने के लिए देशव्यापी ‘स्मार्ट लॉकडाउन’ लागू कर दिया है। अब बाजार रात 8 बजे, रेस्तरां 10 बजे बंद करने के आदेश दिए गए हैं। शादी समारोहों पर भी पाबंदी लगा दी है।

smart lockdown imposed in Pakistan due to severe fuel shortage
Pakistan में रात 8 बजे से लगेगा 'लॉकडाउन' | Image: AP

ईरान युद्ध के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) में जहाजों की आवाजाही रुकने से वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसी संकट के चलते पाकिस्तान में ईंधन की कमी गंभीर रूप ले चुकी है। इस स्थिति से निपटने के लिए पाकिस्तानी सरकार ने मंगलवार को देशव्यापी 'स्मार्ट लॉकडाउन' की घोषणा कर दी है। पाकिस्तान में अब बाजार, शॉपिंग मॉल और दुकानें रात 8 बजे तक ही खुलेंगे।

दिवालिया होने की कगार पर बैठी पाकिस्तान सरकार के इस फैसले का मकसद ईंधन की खपत कम करना है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (Shehbaz Sharif) ने प्रांतीय नेताओं के साथ उच्चस्तरीय बैठक के बाद इन प्रतिबंधों को मंजूरी दी। बैठक में डिप्टी प्रधानमंत्री इशाक डार (Ishaq Dar) और प्लानिंग मंत्री अहसान इकबाल चौधरी (Ahsan Iqbal Chaudhary) भी मौजूद थे।

पाकिस्तान सरकार के स्मार्ट लॉकडाउन लागू करने के पीछे का कारण पेट्रोल-डीजल की तेजी से बढ़ती कमी है। यह समस्या इसलिए आई क्योंकि ईरान के साथ चल रहे युद्ध की वजह से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तेल के जहाजों की आवाजाही रुक गई है। दुनिया का करीब 20% तेल इसी रास्ते से गुजरता है। जब यह रास्ता बंद हुआ तो तेल की सप्लाई प्रभावित हुई और कीमतें बहुत बढ़ गईं।

सरकार ने क्या-क्या प्रतिबंध लगाए?

पाकिस्तान जैसे देश जो ज्यादातर तेल दूसरे देशों से आयात करते हैं, उन पर सबसे ज्यादा असर पड़ा। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने उच्च स्तरीय बैठक के बाद कई प्रतिबंध लगाए हैं और ये नियम तुरंत लागू हो गए हैं। पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान, इस्लामाबाद, गिलगित-बाल्टिस्तान और POK में बाजारों, दुकानों और शॉपिंग मॉल को रात 8 बजे बंद करने का फैसला लिया गया।

Advertisement
  • बाजार, शॉपिंग मॉल और दुकानें रात 8 बजे तक ही खुली रहेंगी, कुछ जगहों पर 9 बजे तक
  • रेस्तरां, बेकरी और खाने की दुकानें रात 10 बजे तक बंद हो जाएंगी।
  • शादी हॉल रात 10 बजे तक ही खुले रहेंगे। घरों में शादी के कार्यक्रम 10 बजे के बाद नहीं हो सकेंगे।
  • जरूरी सेवाएं जैसे मेडिकल स्टोर और फार्मेसी पूरी तरह खुली रहेंगी।

इसके अलावा, गिलगित और मुजफ्फराबाद में एक महीने के लिए फ्री पब्लिक ट्रांसपोर्ट चलाने का फैसला लिया गया है, ताकि लोगों को थोड़ी राहत मिले।

क्यों लगाया गया यह लॉकडाउन?

सरकार का कहना है कि ईंधन बचाने के लिए ये कदम जरूरी हैं। पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कमी बहुत तेजी से बढ़ रही है। पहले भी स्कूल बंद करने, सरकारी कर्मचारियों के लिए चार दिन काम करने और वर्क फ्रॉम होम जैसे उपाय किए गए थे, लेकिन अब स्थिति और खराब हो गई है।

Advertisement

लोगों पर क्या असर?

सरकार के इस फैसले से दुकानदारों और व्यापारियों का काम प्रभावित होगा। शाम को बाहर घूमने-फिरने या शॉपिंग करना मुश्किल हो जाएगा। शादियों और कार्यक्रमों पर पाबंदी से लोगों को परेशानी होगी।

पाकिस्तान पहले से ही आर्थिक मुश्किलों से जूझ रहा है। इस ईंधन संकट ने स्थिति को और चुनौतीपूर्ण बना दिया है। सरकार उम्मीद कर रही है कि ये स्मार्ट लॉकडाउन ईंधन की बचत करेगा और देश को थोड़ा संभालने में मदद करेगा। यह 'स्मार्ट लॉकडाउन' कोविड-19 काल की याद दिलाता है, जब ऐसी ही पाबंदियां लगाई गई थीं।

ये भी पढ़ें: मंदिर के बाहर गलती से बदली गई चप्पल, 4 दबंगों ने 18 साल के समीर की पीट-पीटकर करदी हत्या

Published By :
Sagar Singh
पब्लिश्ड