PoK में मुनीर की सेना का कत्लेआम! 3 दिन में 40 मौतें, सैकड़ों घायल; पाक रक्षा मंत्री बोले- प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत नहीं
PoK में पिछले 3 दिनों में 40 प्रदर्शनकारियों की मौत और 200 से अधिक घायल हुए हैं। JAAC ने पूरे पाकिस्तान में आंदोलन फैलाने का ऐलान किया है, जबकि पूरे इलाके में इंटरनेट बंद है। पाक रक्षा मंत्री ने प्रदर्शनकारियों को भारत जैसा दुश्मन बताते हुए बातचीत से साफ मना कर दिया है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

PoK Unrest: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में हालात दिन पर दिन बिगड़ते जा रहे हैं। असीम मुनीर की सेना ने वहां कत्लेआम मचाया हुआ है। प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तानी सेना और रेंजर्स की अंधाधुंध फायरिंग में पिछले 3 दिनों में 40 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 200 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों पर चलाई गोलियां
JAAC के कोर कमेटी सदस्य सरदार उमर नजीर कश्मीरी ने दावा किया कि पाकिस्तानी सेना ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर गोलियां चलाईं। गोलीबारी में तीन दिनों में कम से कम 40 लोगों मारे गए हैं, जबकि पिछले 52-53 दिनों में मृतकों का यह आंकड़ा 100 के करीब तक पहुंच गया है। सैकड़ों की संख्या में लोग घायल भी हुए हैं।
पूरे पाकिस्तान में फैलेगा आंदोलन?
संगठन की कोर कमेटी के सदस्य सरदार अरमान कश्मीरी ने इस आंदोलन को पूरे पाकिस्तान में फैलाने की बात कही। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पाकिस्तान, कश्मीर घाटी, जम्मू, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और पुंछ तक इस आंदोलन का साथ दें और अपने हक के लिए आवाज बुलंद करें।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीति के लिए नहीं, बल्कि जनता के बुनियादी हक की लड़ाई है। वोट देने का अधिकार, अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा, न्याय और बुनियादी सुविधाएं हर नागरिक का हक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में लोगों की आवाज को दबाने के लिए लगातार ताकत का इस्तेमाल किया जा रहा है।
Advertisement
JAAC का कहना है कि पूरे इलाके में संचार साधनों पर रोक लगा दी गई है। इंटरनेट और मोबाइल सेवाएं ठप्प होने की वजह से वहां के वास्तविक हालात की निष्पक्ष जांच करना काफी मुश्किल हो गया है। संगठन ने आरोप लगाया है कि विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है और कई जगहों पर तो लोगों को अपनी बात तक रखने की इजाजत नहीं दी जा रही है।
बता दें कि JAAC की अगुवाई में 5 जून से यह आंदोलन चल रहा था, जिसमें स्थानीय लोग अपने नागरिक और आर्थिक अधिकारों की मांग कर रहे थे। जब हजारों प्रदर्शनकारी सफेद झंडे हाथ में लेकर रावलकोट से मुजफ्फराबाद की ओर बढ़े, तो पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां और आंसू गैस के गोले दागे।
Advertisement
प्रदर्शनकारी भारत की तरह पाकिस्तान के दुश्मन- ख्वाजा आसिफ
PoK में जारी प्रदर्शन को लेकर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि सरकार प्रदर्शनकारियों से कोई बातचीत नहीं करेगी। इतना ही नहीं उन्होंने प्रदर्शनकारियों को भारत की तरह पाकिस्तान का दुश्मन बताया। ख्वाजा आसिफ ने कहा कि मैं उन्हें भारत की श्रेणी में रखता हूं और उन्हें पाकिस्तान का दुश्मन मानता हूं। सरकार प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत के पक्ष में नहीं है।