अपडेटेड 30 December 2024 at 19:26 IST
Pakistan vs Afghanistan war: एयर स्ट्राइक पाकिस्तान को पड़ रही भारी, घर में घुसकर अफगान लड़ाकों ने मचाई भारी तबाही
अफगान लड़ाके घोजगढ़ी, माथा संगर, कोट राघा और तारी मेंगल इलाकों में घुस गए हैं। उन्होंने सीमा चौकियों पर हल्के और भारी हथियारों से गोलीबारी की है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Pakistan Taliban War Update: पाकिस्तान की तरफ से अफगानिस्तान पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद दोनों देश खूनी जंग लड़ रहे हैं। दोनों देशों के बीच तनाव इतना बढ़ गया है कि एक नए युद्ध की आशंका को नकारा नहीं जा सकता। सोमवार को पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के 8 लोगों की हत्या कर दी, जबकि 13 नागरिक घायल बताए जा रहे हैं। इससे पहले अफगान तालिबान ने एयर स्ट्राइक का जवाब देते हुए पाकिस्तान की सीमा चौकियों पर जमकर गोलीबारी की थी। जिसमें पाकिस्तानी अर्धसैनिक बल के एक जवान की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए।
पाकिस्तान की एयर स्ट्राइक का जवाब देने के लिए 15000 लड़ाकों ने कूच किया था। अफगान लड़ाके डूरंड लाइन क्रॉस कर पाकिस्तान में घुस गए। डूरंड लाइन अफगानिस्तान और पाकिस्तान को अलग करती है। इसे पार कर तालिबानी लड़ाके पाकिस्तान में कहर बरपा रहे हैं। वो अपने साथ भारी मशीनगन और आधुनिक हथियारों को लेकर पाकिस्तानी चौकियों पर धावा बोलते हुए आगे बढ़ रहे हैं।
तालिबान का 2 चौकियों पर कब्जा
गोलीबारी की यह घटना पाकिस्तान द्वारा प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के आतंकवादियों को निशाना बनाकर किए गए हमलों के कुछ दिन बाद हुई। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर एयर स्ट्राइक के साथ ही शनिवार को एक मस्जिद पर मोर्टार दागा था। वहीं डूरंड लाइन पर हिंसक झड़प के बाद तालिबान ने पाकिस्तानी सेना की दो चौकियों पर कब्जा कर लिया है। तालिबानी लड़ाकों ने भारी हथियारों का इस्तेमाल कर कई चौकियों को आग के हवाले कर दिया। इस हमले में 19 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गई और बाकी अपने चौकियां छोड़कर भाग खडे़ हुए।
इन चौकियों पर गोलीबारी
रक्षा विभाग के सूत्रों ने कहा कि अफगान सैनिकों ने शनिवार सुबह ‘अपर कुर्रम’ जिले में कई पाकिस्तानी सीमा चौकियों पर बिना उकसावे के गोलीबारी की। अफगान सैनिकों ने घोजगढ़ी, माथा संगर, कोट राघा और तारी मेंगल इलाकों में स्थित सीमा चौकियों पर हल्के और भारी हथियारों से गोलीबारी की। पाकिस्तानी सेना ने जवाबी कार्रवाई की, जिससे दूसरी तरफ भी काफी नुकसान हुआ और गोलीबारी में अफगान सेना के सात से आठ जवान मारे गए।
Advertisement
गोलीबारी की यह घटना ऐसे समय हुई जब पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर प्रतिबंधित TTP आतंकवादियों पर हमला किया। शुक्रवार रात आतंकवादियों ने अफगान तालिबान द्वारा नियंत्रित चौकियों का उपयोग कर पाकिस्तानी क्षेत्र में घुसपैठ करने का प्रयास किया जिसे विफल कर दिया गया। इसके बाद अफगान तालिबान बलों ने शनिवार को हमला किया।
एयर स्ट्राइक पाकिस्तान को पड़ रही भारी
पाकिस्तान ने जिस TTP के ठिकानों को निशाना बनाया था। वो एक अलग आतंकवादी संगठन है, लेकिन उसे अफगान तालिबान का करीबी सहयोगी माना जाता है। TTP ने कुछ दिन पहले ही पाकिस्तान के उत्तर पश्चिमी सीमांत प्रांत वजीरिस्तान के मकीन इलाके में पाकिस्तानी सेना के 30 जवानों को मार गिराया था। इसके जवाब में पाकिस्तान ने एयर स्ट्राइक की है।
Advertisement
पाकिस्तान ने इन हमलों से तालिबान और TTP दोनों को ललकारा है। तालिबान फिलहाल भले ही शांत रहे, लेकिन TTP हमलों में बढ़ोत्तरी कर सकता है। पिछले दो दशक में पाकिस्तान के अंदर आतंकवादी हमलों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इसके अलावा पाकिस्तान को सीमा पर तालिबान की तरफ से भी दबाव झेलना पड़ सकता है। लेकिन पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति फिलहाल एक छोटा युद्ध झेलने की भी नहीं है। किसी भी सैन्य कार्रवाई से कर्ज में डूबा पाकिस्तान सड़क पर आ सकता है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 30 December 2024 at 19:26 IST