महंगाई की मार झेल रहे पाकिस्तान में 'स्मार्ट लॉकडाउन' लगाने की तैयारी, रात 9 बजे बाजार बंद, सरकारी डिनर पर भी रोक; चिंता में आवाम
पाकिस्तान की सरकार ने ईंधन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बाद पेट्रोलियम खपत कम करने के लिए 'स्मार्ट लॉकडाउन' समेत कई कड़े कदम उठाने का फैसला लिया है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

पाकिस्तान की जनता पहले से ही महंगाई से जूझ रही है। अब पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण ईंधन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बाद सरकार पेट्रोलियम खपत कम करने के लिए 'स्मार्ट लॉकडाउन' समेत कई कड़े कदम उठाने का फैसला लिया है। सरकार के फैसलों का असर असर सरकारी दफ्तरों के साथ-साथ बाजार, शादी समारोह और सरकारी यात्राओं पर भी पड़ेगा। बढ़ती मंहगाई की मार झेल रही आवाम से लेकर कारोबारी सभी परेशान हैं।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ट्रांसपोर्ट सेक्टर में ईंधन की खपत घटाने के प्रस्तावों की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में सरकारी और निजी क्षेत्र से जुड़े कई विकल्पों पर चर्चा हुई। कैबिनेट डिवीजन की ओर से 17 सितंबर को जारी अधिसूचना के अनुसार सरकार ने पेट्रोल-डीजल बचाने और सरकारी खर्च कम करने के लिए कई नए नियम लागू कर दिए हैं।
सरकारी वाहनों के लिए पेट्रोल-डीजल का कोटा 50 प्रतिशत से कम
सरकारी वाहनों के लिए पेट्रोल-डीजल का कोटा 50 प्रतिशत कम कर दिया गया है। नए सरकारी वाहनों की खरीद पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। सरकारी अधिकारियों की विदेश यात्राओं पर तीन महीने की पाबंदी लगाई गई है। बाजारों और दुकानों को रात 9 बजे तक बंद करने का निर्देश दिया गया है। सबसे ज्यादा चर्चा शादी-विवाह के कार्यक्रमों को लेकर हो रही है।
शादियों में परोसी जाएगी सिंगल डिश
सरकार ने निर्देश दिया है कि शादी से जुड़े समारोहों में सिर्फ एक डिश परोसी जाए। शादी हॉल और अन्य कार्यक्रम स्थलों को रात 10 बजे तक बंद करना होगा। रेस्तरां, कैफे और खाने-पीने की जगहें भी रात 11 बजे तक ही खुली रह सकेंगी। टेकअवे और होम डिलीवरी सेवाओं को इन पाबंदियों से छूट दी गई है। दवा की दुकानें, अस्पताल, क्लीनिक, पेट्रोल-सीएनजी स्टेशन, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, जिम, खेल सुविधाएं, आईटी कंपनियां और कॉल सेंटर भी इन नियमों से बाहर रखे गए हैं।
Advertisement
सरकारी डिनर पर भी रोक
पाकिस्तान सरकार ने सरकारी डिनर पर भी रोक लगा दी है।सरकार का कहना है कि ये कदम ईंधन की बचत और खर्च नियंत्रण के लिए जरूरी हैं। इस बीच पेट्रोलियम प्रभाग ने मंगलवार रात जारी अधिसूचना में पेट्रोल की कीमत में 4.10 रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल में 6.41 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की। इसके बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 384.34 रुपये और हाई-स्पीड डीजल 415.83 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। बता दें कि ईरान युद्ध, इकोनॉमी की खस्ताहालत और कर्जों ने पाकिस्तान को बुरा हाल कर रखा है।